December 14, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

हरक सिंह के ‘हर ठिकाने’ पर ईडी

Spread the love

आईएफएस अधिकारी सुशांत पटनायक और पूर्व डीएफओ किशनचंद के आवासों पर भी छापेमारी

पटनायक के आवास से करोड़ों की नगदी भी मिली, नोट गिनने के लिए दो मशीनें भी मंगवाई गईं

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मंगलवार की रात से बुधवार की देर रात तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कई टीमों ने एक साथ उत्तराखंड के पूर्व वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के ‘हर ठिकाने पर’ दस्तक देकर जरूरी दस्तावेजों को जहां कब्जे में लिया, वहीं सूबे के आईएफएस अधिकारी सुशांत पटनायक और एक पूर्व डीएफओ किशनचंद के हरिद्वार जिले में स्थित आवास पर भी छापेमारी कर दस्तावेजों को कब्जे में लिया।

इस दौरान सुशांत पटनायक के घर से बरामद करोड़ों की नकदी को गिनने के लिए नोट गिनने वाली दो मशीन भी मांगनी पड़ी, जिससे नोटों की गिनती की गई। अभी ईडी की टीम ने बरामद नोटों का कोई ब्योरा नहीं सार्वजनिक किया है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से देहरादून कार्यालय मंगलवार की देर रात 12 बजे पहुंची ईडी की टीमों ने सबसे पहले एक घंटे बाद रात एक बजे राजधानी के कैनाल रोड स्थित आईएफएस अधिकारी सुशांत पटनायक के घर पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। पटनायक के घर से ईडी को करोड़ों रुपये की नगदी भी मिली।

सूत्रों के मुताबिक, भारी मात्रा में बरामद नोटों को गिनने के लिए दो काउंटिंग मशीन भी मंगाई गई, जिससे बरामद नोटों की गिनती की गई। यहां से ईडी की टीम ने कई जरूरी दस्तावेज भी कब्जे में लिया है। गौरतलब हो कि प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड में तैनात पटनायक पर पिछले दिनों एक महिला कर्मचारी ने छेड़खानी का आरोप लगाया था। इसके बाद प्रदेश सरकार ने सुशांत पटनायक को हटा दिया था, वहीं पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था।

उधर, ईडी की एक टीम पाखरो वन रेंज में हुए घोटाले से संबंधित जांच के सिलसिले में कांग्रेस नेता और पूर्व वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के राजधानी स्थित डिफेंस कॉलोनी वाले घर पर पहुंची और छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। उधर, ईडी की एक टीम सहसपुर क्षेत्र के शंकरपुर ​स्थित हरक सिंह और उनके बेटे के स्वामित्व वाले मेडिकल कॉलेज में भी बुधवार सुबह छह बजे छापा मारा। टीम ने प्रबंधन से जुड़े अफसरों से आठ घंटे तक पूछताछ कर कई दस्तावेज और बिल कब्जे में लिए।

उधर, ऋषिकेश के गंगानगर स्थित गंगा पुरम अपार्टमेंट में दो गाड़ियों से बुधवार को सुबह सात बजे पहुंची ईडी की टीम ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के एक करीबी के आवास पर छापा मारकर कई दस्तावेज कब्जे में लिए। ईडी के अफसरों ने हरक सिंह के करीबी व्यक्ति से उसके आवास पर पूछताछ की। वहीं, कुमाऊं मंडल के काशीपुर में भी हरक सिंह के करीबी भाजपा नेता अमित सिंह के घर और ऑफिस में छापा मारकर कई दस्तावेज कब्जे में लेते हुए अवैध सामग्री मिलने पर गिरफ्तार भी कर लिया।

उधर, पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित होटल और गुहाड़ गांव स्थित पैतृक घर पर भी ईडी ने छापेमारी कर घर पर मौजूद हरक सिंह रावत की मां व अन्य लोगों से पूछताछ। इसके अलावा ईडी की टीम घर में मौजूद दस्तावेजों की जांच की।

बंद आलमारी की गुम चाभी के लिए ताला खोलने वाले को बुलवाया

सूत्रों के मुताबिक, पूर्व वन मंत्री हरक सिंह के घर की एक आलमारी के बाबत ईडी की टीम ने पूछताछ कर खोलने को कहा, तो बताया गया कि इसकी चाभी गुम हो गई है। इस पर ईडी की टीम ने आलमारी का ताला खोलने वाले को बुलाया और काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे बाद उसका लॉक खोलने में सफलता मिली। आलमारी खुलने के बाद उसके अंदर का नजारा देखकर ईडी के अफसर भी भौचक रह गए। पूरी आलमारी दस्तावेज से भरी हुई थी। ईडी के अफसरों ने सभी बरामद फाइलों को अपने कब्जे में ले लिया है।

Loading

About The Author


Spread the love