दुबई से लौटे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, फार्मा, कृषि के क्षेत्र में होगा बड़ा निवेश
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। लंदन, बर्मिघम, दिल्ली, दुबई और अबूधाबी में अब 54 हजार करोड़ रुपये के निवेश के लिए विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक घरानों के साथ उत्तराखंड सरकार एमओयू कर चुकी है।
यह बात बृहस्पतिवार को दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात के दौरे से वापस लौटे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से बातचीत में कही। कहा, दिसंबर में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के पहले लंदन, बर्मिंघम, दिल्ली और अब दुबई और अबूधाबी में कई निवेशक समूहों के साथ बैठकें हुईं। कहा, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, फार्मा, कृषि, एग्रो के क्षेत्र में काफी करार हुए हैं। निवेशकों का प्रदेश के लिए और निवेश के लिए आकर्षण है। कहा, हजारों करोड़ के निवेश पर दुबई और अबूधाबी में करार हुए हैं।
कहा, देश के अन्य शहरों में भी निवेशकों के साथ संवाद, रोड शो सरकार करेगी। कहा, राज्य सरकार का प्रयास है कि आठ और नौ दिसंबर को देहरादून में प्रस्तावित इन्वेस्टर्स समिट तक अभी तक हुए सभी करारों को धरातल पर उतारने का कार्य हो। कहा, कई बैठकों में जो भी सुझाव प्राप्त हो रहे हैं, उन पर भी अमल किया जाएगा और जो करार हुए हैं और प्रस्ताव आए हैं, उनमें देखा जाएगा कि राज्य के लिए कौन से उपयोगी हैं और भविष्य में फायदेमंद हो सकते हैं, का आकलन करने के बाद ही आगे कार्य किए जाएंगे।
कहा, निवेश के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया कराने वाले और प्राथमिक सेक्टर को मजबूत बनाने वाले प्रस्तावों एवं करारों को प्राथमिकता पर प्रोत्साहित किया जाएगा। कहा, राज्य सरकार ने जो भी नीतियां बनाई हैं, निवेशकों, उद्योगों एवं प्रदेश के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई हैं। बताया, दो दिवसीय यूएई दौरे के दौरान 15,475 करोड़ के इन्वेस्टमेंट एमओयू किए गए।
बताया, पहले दिन दुबई में 11,925 करोड़ एवं दूसरे दिन अबूधाबी में 3,550 करोड़ के इन्वेस्टमेंट एमओयू शामिल हैं। बताया, अब तक संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन एवं दिल्ली में 54,550 करोड़ के एमओयू साइन किए जा चुके हैं। बताया, यूएई में 15,475 करोड, ब्रिटेन में 12,500 करोड़ एवं दिल्ली में 26,575 करोड़ के एमओयू किए जा चुके हैं।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश