September 12, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

केंद्रीय मंत्री से राज्य के लिए कोल ब्लॉक के आवंटन का अनुरोध

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में की केंद्रीय कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बुधवार को नई दिल्ली में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर 1000 मेगावाट के पिट-हेड थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने के लिए राज्य को करीब 125 मिलियन टन भंडारण क्षमता का एक कोल ब्लॉक आवंटित करने का अनुरोध किया।

धामी ने केंद्रीय मंत्री से कहा, अनुकूल औद्योगिक नीति के कारण राज्य में तेजी से औद्योगिक विकास हुआ है, जिससे विद्युत की मांग में निरंतर वृद्धि हुई है। सर्दियों के मौसम में बिजली की कमी गंभीर हो जाती है, क्योंकि ठंडे तापमान से नदियों में पानी का बहाव भी कम हो जाता है।

कहा, राज्य में बिजली की मांग प्रतिवर्ष लगभग चार से पांच प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। औद्योगिकीकरण बढ़ने के कारण आने वाले वर्षों में विद्युत की मांग के और भी बढ़ने की संभावना है। धामी ने कहा, ऊर्जा मंत्रालय द्वारा की गई संस्तुति के दृष्टिगत राज्य में विद्युत परियोजनाओं के तेजगति से विकास करने के लिए यूजेवीएन लिमिटेड और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के बीच एक संयुक्त उपक्रम टीएचडीसीआईएल-यूजेवीएनएल एनर्जी कंपनी लिमिटेड का गठन किया गया है।

बताया, टीएचडीसी की तापीय विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में भी अनुभव को ध्यान में रखते हुए राज्य की विद्युत मांग की आपूर्ति हेतु इस नए संयुक्त उपक्रम के माध्यम से पिट-हेड थर्मल पावर प्लांट स्थापित करना प्रस्तावित है। उत्तराखंड उन कुछ राज्य में से एक है, जहां कोई भी थर्मल पावर स्टेशन संचालित नहीं है। सीएम ने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखंड को एक कोल ब्लॉक का आवंटन प्राथमिकता पर करने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने सहयोग के प्रति आश्वस्त किया।

Loading

About The Author


Spread the love