September 11, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

खाकी का दम, केडीए बेदम

Spread the love

केडीए के निर्माण पर रोक के आदेश को ठेंगा दिखा एक पक्ष की मनमानी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के आदेशों को ठेंगा दिखाकर वैसे तो शहर में कई जगह गुपचुप ढंग से निर्माण कार्य चलते रहना आम बात है, मगर यहां तो मामला उल्टा है।

केडीए की रोक के बावजूद संबंधित थाने से मिलकर एक पक्ष जहां दिनभर निर्माण कार्य करा रहा, वहीं दूसरा पक्ष कभी थाने के चक्कर लगा रहा तो कभी केडीए के, लेकिन निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है। मामला नवाबगंज क्षेत्र का है। यहां एक जमीन में निर्माण को लेकर चार सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया। दो भाइयों ने निर्माण को अवैध बताते हुए केडीए में जन सुनवाई में शिकायत की।

इस पर कार्रवाई करते हुए केडीए के विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन जोन एक ने मामले की स्थलीय जांच के लिए विभागीय अवर अभियंता को भेजा। अवर अभियंता ने मामले की जांच की और निर्माण को अवैध पाया। विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन जोन एक ने जांच रिपोर्ट के बाद इसी साल 21 अक्तूबर को निर्माण करा रहे दूसरे पक्ष के दो भाइयों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य पर रोक लगा दिया और पुलिस को भी पत्र के जरिए सूचित किया।

शिकायतकर्ता दो भाइयों आशीष और पारस के मुताबिक, केडीए की रोक के बावजूद संबंधित थाना पुलिस से सांठगांठ कर काफी दिनों से दूसरा पक्ष निर्माण कार्य करा रहा है। कई बार निर्माण रोकने का पत्र संबंधित थाना पुलिस को दिखाया और निर्माण रोकने की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

बताया, अभी 16 नवंबर 23 को न्यायालय सक्षम प्राधिकारी, कानपुर विकास प्राधिकरण की ओर से एक पत्र पुलिस आयुक्त को भेजकर मौके पर निर्माण कार्य होने और इस पर फौरन रोक लगाने का अनुरोध भी किया गया है, लेकिन मिलीभगत के चलते निर्माण कार्य जारी है।

उधर, संबंधित थाना पुलिस ने एक पक्ष द्वारा मिलीभगत के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, निर्माण होने की शिकायत उसे अभी तक किसी के द्वारा नहीं दी गई है, फिर भी मौका मुआयना कर मामले को दिखवाया जाएगा।

Loading

About The Author


Spread the love