October 24, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

खेल अवस्थापना विकास नीति में होगा संशोधन : आर्या

Spread the love

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सरकार कर रही लगातार प्रयास

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। राज्य में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार खेल अवस्थापना के विकास पर मिलने वाली सब्सिडी को बढ़ाएगी।

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया, मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में खेल और खिलाड़ियों के हितों के लिए काम किए जा रहे हैं। अब खेल अवस्थापना विकास पर जो सब्सिडी दी जाती थी, उसे बढ़ाया जाएगा। खेल सुविधा के विकास पर पहाड़ में 70 फीसदी, जबकि मैदान में 50 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी।

बताया, इसका प्रस्ताव बनाकर जल्द ही कैबिनेट की बैठक में लाया जाएगा। राज्य सरकार वर्ष 2016 में निजी निवेशकों को खेल अवस्थापना के क्षेत्र से जोड़ने के लिए खेल अवस्थापना नीति लागू की थी, लेकिन लाभ सही प्रकार से नहीं मिल पा रहा था। पूर्व में खेल अवस्थापना में जो नीति लागू की गई थी, वह जटिल थी, जिसका लाभ खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रहा था। अब इसमें संशोधन की जरूरत महसूस की जा रही थी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति देने की योजना शुरू की थी। खेल, खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए नई खेल नीति लाई गई, जिसमे बड़े प्रावधान किए गए हैं, ताकि उत्तराखंड खेल के क्षेत्र में मॉडल बने।

कहा, उत्तराखंड के खिलाड़ियों का दैनिक भोजन भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 480 रुपये प्रतिदिन किया गया है। अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को एसी बस और थर्ड एसी रेल कोच में सफर की सुविधा दी जाएगी। वहीं, यहां के 14 से 23 वर्ष के बच्चों को प्रतिमाह दो हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने जा रहे हैं।

Loading

About The Author


Spread the love