May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

चारों धामों में जमकर बर्फबारी, पहाड़ की वादियों ने ओढ़ी सफेद चादर

Spread the love

केदारनाथ धाम में -7, बदरीनाथ धाम में -8, यमुनोत्री धाम में -7 और गंगोत्री धाम में -8 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान

केदारनाथ धाम में मंगलवार दोपहर 12 बजे से शुरू बर्फबारी देर शाम तक बदस्तूर जारी, चार इंच ताजी बर्फ जमा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मंगलवार को सुबह से ही पहाड़ों का मिजाज बदल गया और चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिले में स्थित चारों धामों में जमकर बर्फबारी शुरू हो गई, जो देर शाम तक बदस्तूर जारी रही।

दोपहर 12 बजे से चारों धामों बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम समेत औली, फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी का जो दौर शुरू हुआ, वह देर शाम तक जारी रहा। केदारनाथ धाम में तो शाम तक करीब 4 इंच नई बर्फ जम चुकी थी और तापमान -7 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं गढ़वाल के निचले क्षेत्रों में भी बारिश और बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लेना भी शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को सुबह से ही केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी आदि समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छा गए थे। इसके कुछ देर बाद जमकर बर्फबारी शुरू हो गई, जो शाम तक जारी रही। बर्फबारी से बदरीनाथ में न्यूनतम तापमान -8 डिग्री पहुंच गया, जबकि केदारनाथ धाम में -7 डिग्री न्यूनतम तापमान पहुंच गया। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में न्यूनतम तापमान -8 और -7 डिग्री पहुंचने से जहां झरने और नलों का पानी जम गया, वहीं कड़ाके की ठंड भी पड़ने लगी है।

उधर, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी मंगलवार को इस सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई, जिससे धाम समेत इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। बर्फबारी होने से गंगोत्री धाम में न्यूनतम तापमान -8 पहुंच गया, जबकि यमुनोत्री धाम का न्यूनतम तापमान -7 दर्ज किया गया। उधर, हर्षिल घाटी समेत पट्टी के एक दर्जन गांवों और मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव में भी जमकर बर्फबारी हुई।

Loading

About The Author


Spread the love