May 6, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

चीन एशियाड : 100 का दम

Spread the love

भारत एशियाई हाकी का बना बादशाह, जापान को फाइनल में 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता

19वें एशियाई खेलों में भारत ने 13वें दिन नौ पदक जीते, अब पदकों की संख्या पहुंच गई 100

बेबाक दुनिया डेस्क

नई दिल्ली। चीन में खेले जा रहे एशियाड में भारत ने 13वें दिन एक स्वर्ण समेत 9 पदक जीते।

उधर, भारत ने पुरुष हॉकी में जापान को 5-1 से हराकर हॉकी का एशियाई बादशाह बन गया है। आजादी के अमृत काल में भारत एशियाई खेलों में पहली बार पदकों का शतक लगा है।

शुक्रवार को कुश्ती में जहां तीन कांस्य पदक भारत को मिले, वहीं तीरंदाजी में एक रजत और एक कांस्य पदक मिला, जबकि ब्रिज खेलों में रजत पदक और बैडमिंटन में एक कांस्य पदक मिला। उधर, सेपकटाकरा में भी भारत ने एक कांस्य पदक हासिल किया। भारत की हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही ओलंपिक का टिकट भी पक्का कर लिया है।

हॉकी के फाइनल में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जापान के विरुद्ध दो गोल दागे, जबकि अमित रोहिदास, मनप्रीत सिंह और अभिषेक ने एक-एक गोल किया। जापान की तरफ से इकलौता गोल सेरेन तनाका ने किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत ने अपना दबदबा कायम रखा और सर्वाधिक 68 गोल किए।

भारत की टीम एक भी मैच नहीं हारी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सभी मैचों में कुल 13 गोल दागे। उधर, पिछले जकार्ता एशियाड के चैंपियन बजरंग पूनिया ने निराश किया और एक भी अंक उनके हाथ नहीं लगा और हारकर बाहर हो गए। उधर, महिला वर्ग में सोनम मलिक, किरण बिश्नोई और पुरुष फ्री स्टाइल कुश्ती में अमन सहरावत ने कांस्य पदक जीता। पुरुष तीरंदाजी में भी भारत को एक रजत और एक कांस्य पदक मिला।

Loading

About The Author


Spread the love