दो दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन का एफआरआई देहरादून में शुभारंभ करने के बाद बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। राजधानी के एफआरआई में शुक्रवार को सुबह भव्य पंडाल में धामी सरकार के दो दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पहले की सरकारें सीमावर्ती इलाकों की तरह ध्यान ही नहीं देती थीं और उनकी पहुंच भी यहां कम थी, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने इस धारणा को बदल दिया है। हम सीमावर्ती गांवों को विकसित करने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी काफी आसान होने जा रही है। उन्होंने कहा, डबल इंजन सरकार के फायदे का उदाहरण टूरिज्म सेक्टर भी है। कहा, प्रदेश में हर निवेशक के लिए बहुत संभावनाएं हैं। कहा, देवभूमि उत्तराखंड में आकर मन धन्य हो जाता है। कुछ वर्ष पहले जब बाबा केदार के दर्शन के लिए निकला था, तो मेरे मुंह से निकला था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक है। मुझे खुशी है कि उस कथन को मैं लगातार पूरा होते देख रहा हूं।
कहा, आप सभी को भी उत्तराखंड की विकास यात्रा से जुड़ने का बड़ा अवसर इस सम्मेलन के जरिए मिल रहा है। कहा, पिछले माह सिलक्यारा टनल में 17 दिन तक फंसे 41 मजदूर भाईयों को सुरक्षित निकालने के सफल अभियान पर आप सभी का अभिनंदन करता हूं। कहा, मैंने उत्तराखंड की भावनाओं और संभावनाओं को काफी निकट से देखा है। निवेशक सम्मेलन में मौजूद उद्योग जगत के लोगों की ओर मुखातिब होते हुए कहा, आप सभी बिजनेस की दुनिया के दिग्गज हैं। अपने काम का विश्लेषण करते हैं और चुनौतियों का आकलन कर रणनीति बनाते हैं।
कहा, हाल के विधानसभा चुनाव में हमने देखा है कि जनता ने सरकार के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर वोट दिया है। यहां तो लोगों ने पहले ही स्थिर और मजबूत सरकार चुन रखी है। उत्तराखंड इसलिए भी विशेष है, क्योंकि यहां डबल इंजन की सरकार है और डबल प्रयास चारों तरफ दिख रहे हैं। कहा, राज्य की धामी सरकार तेजी से प्रदेश में विकास कार्य कर रही है। कहा, केंद्र के प्रयासों के बीच राज्य सरकार भी छोटी आबादी के लिए काम कर रही है।



कहा, विकसित भारत का निर्माण हर देशवासी की जिम्मेदारी है। कोरोना महासंकट के बावजूद हम तेजी से आगे बढ़े हैं। कहा, हमने अपनी नीतियों और सामर्थ्य पर भरोसा किया। कहा, देश की मजबूती का फायदा उत्तराखंड समेत देश के हर राज्य को हो रहा है। मोदी ने कहा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद से दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी 2.5 घंटे की होने जा रही है। कहा, उत्तराखंड में नेचर, कल्चर, हेरिटेज सबकुछ है। यहां पर हर प्रकार की संभावनाएं हैं।
मेक इन इंडिया की तरह वेडिंग इंडिया भी चलाया जाए : पीएम
प्रधानमंत्री ने बड़े घरानों की तरफ से अपने बेटे-बेटियों की शादियां या अन्य कार्यक्रम विदेशों में करने पर कहा, देश के धन्ना सेठों को कहना चाहता हूं, हमारे यहां माना जाता है कि शादी के जोड़े ईश्वर तय करता हैं। मैं समझ नहीं पा रहा कि जोड़ा अपने जीवन की यात्रा यहां आने के बजाय विदेश में क्यों चलता है। मेक इन इंडिया की तरह वेडिंग इंडिया भी चलाया जाए। आप कुछ निवेश कर पाओ या नहीं, लेकिन परिवार की एक डेस्टिनेशन वेडिंग अगले 5 साल में उत्तराखंड में करें। कहा, अगर पांच साल में पांच हजार डेस्टिनेशन वेडिंग भी उत्तराखंड में हुईं तो एक नया क्षेत्र खड़ा हो जाएगा।



‘स्थानीय उत्पादों के लिए ग्लोबल मार्केट तैयार करना होगा’
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड सरकार द्वारा सभी उत्पादों का एक नाम हाउस ऑफ हिमालयाज देने की बधाई देते हुए कहा, यहां के लोकल उत्पादों को विदेशी बाजार में स्थापित करनी की पहल सराहनीय है। कहा, ये वोकल फ़ॉर लोकल और लोकल फ़ॉर ग्लोबल का कारक बनेगा। भारत के हर जिले में अलग-अलग उत्पाद मिलते हैं। हमें स्थानीय उत्पादों के लिए ग्लोबल मार्केट तैयार करना होगा।


कुछ समय बाद दो करोड़ ग्रामीण महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी
मोदी ने कहा, मैंने लखपति दीदी अभियान चलाया है और मेरा एक संकल्प है कि आने वाले कुछ समय में देश की दो करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाऊंगा। उन्होंने कहा, विकसित भारत के निर्माण के लिए राष्ट्रीय चरित्र को सशक्त होना भी बहुत जरूरी है। कहा, पुरानी मानसिकता से बाहर आना है कि किसी देश में कोई वस्तु कम कीमत पर है, तो इम्पोर्ट कर लो, इसलिए इम्पोर्ट घटाना है और एक्सपोर्ट को बढ़ाना है। कहा, कोयला प्रधान देश होने के बावजूद हम चार लाख करोड़ का कोयला इम्पोर्ट करते हैं और करोड़ों की दालें विदेशों से मंगानी पड़ रही हैं। कहा, देश में ही पैदावार होगी तो कितना अच्छा होगा। कहा, हमारे देश में मिलेट से लेकर तमाम फूड्स हैं, जो पोषक हैं।


देश की कंपनियों के लिए अभूतपूर्व समय
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत की कंपनियों के लिए ये अभूतपूर्व समय है। अगले कुछ वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने जा रहा है। कहा, मैं देशवासियों को भरोसा दिलाता हूं कि मेरे तीसरे कार्यकाल में देश, दुनिया के टॉप तीन इकॉनमी में रहेगा। कहा, ये भारत का समय है। उत्तराखंड के साथ चलकर अपना भी विकास करिये और उत्तराखंड के विकास में सहभागी बनिए।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश