अधिवक्ता के बहनोई और परिजनों के खिलाफ केस, दो नकाबपोशों ने की वारदात, सनसनी
बेबाक दुनिया ब्यूरो
गाजियाबाद। तहसील सदर में बुधवार को दोपहर दो नकाबपोश बदमाशों ने तहसील बार संघ के पूर्व सचिव के चैंबर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी और आराम से फरार हो गए।
पुलिस ने वकील की पत्नी कविता की तहरीर पर सिहानी गेट थाने में अधिवक्ता के बहनोई और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वकील की हत्या से जहां पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं वकीलों में भी खौफ छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरम निवासी एडवोकेट मनोज चौधरी उर्फ मोनू (38) चैंबर में अपने साथी और बैनामा लेखक मुनेश त्यागी और दो अन्य मुंशियों के साथ दोपहर दो बजे के आसपास बैठे बातचीत करते हुए खाना खा रहे थे। इस बीच दो युवक पहुंचे और एक ने मनोज की कनपटी में सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस बीच मनोज के साथ बैठे उनके साथी कुछ समझ पाते दोनों आराम से पैदल बाहर निकले और बाइक में सवार होकर फरार हो गए। उधर, पुलिस का कहना है कि वकील की पत्नी की तहरीर पर मनोज के बहनोई चिरंजीव विहार निवासी एडवोकेट अमित डागर, अमित का भाई एडवोकेट नितिन डागर, अमित का पिता मदन, अनुज और पालू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में वकील के हत्यारे कैद हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि वकील की शादीशुदा बहन सरिता ने भी सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कहा, एक उसका पति अमित डागर है और दूसरा उसका देवर नितिन डागर है। उसने पुलिस को बताया कि वह 24 जून से मायके में रह रही है।
बताया कि उसके पति अमित ने अभी चार दिन पहले ही भाई (मनोज) की हत्या की धमकी दी थी। बताया कि अमित नोएडा में वकालत करता है, जबकि उसका देवर सदर तहसील में ही वकालत करता है। उधर, गाजियाबाद कमिश्नरी के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी. का कहना है कि हत्यारोपियों की पहचान कर ली गई है। पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमों का भी गठन कर आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चल रहा है कि वारदात को पारिवारिक विवाद के चलते अंजाम दिया गया है, फिर भी जांच की जा रही है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश