24वीं मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक में बोले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
बेबाक दुनिया डेस्क
देहरादून। देश के प्रत्येक गांव के पांच किलोमीटर के दायरे में बैंकिंग सुविधा ग्रामीणों को मुहैया कराई जाएगी, साथ ही केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार मोटा अनाज रागी के बराबर कोदा और कुटकी का भी न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करेगी।

उपरोक्त बातें टिहरी के नरेंद्र नगर में आयोजित 24वीं अंतर मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को शनिवार को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहीं। कहा, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के इस फैसले से देशभर विशेष कर मध्य क्षेत्र परिषद के सदस्य राज्यों के करोड़ों किसानों को फायदा होगा।

शाह ने कहा, देश से कुपोषण खत्म करना और स्कूली बच्चों का जीरो ड्रॉप आउट नरेंद्र मोदी सरकार की प्राथमिकता में है।बच्चों में कुपोषण की समस्या को पूरी संवेदनशीलता के साथ हम सबको मिलकर ही दूर करना होगा और यह हम सभी की जिम्मेदारी भी है। इसके साथ ही बच्चों के स्कूल छोड़ने की दर को भी शून्य करने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

बैठक में तय हुआ कि लाख उत्पादन को संशोधित मौसम आधारित फसल बीमा योजना में शामिल करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) से अध्ययन कराया जाएगा, जिससे लाख उत्पादन से जुड़े किसानों को लाभ होगा। बैठक में रॉयल्टी और खनन संबंधित मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया गया। इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने-अपने प्रदेशों से जुड़े मुद्दे भी रखें।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की जगह गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू मौजूद रहे। इस मौके पर कई वरिष्ठ प्रशानिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

हेलीपैड पर धामी, योगी ने किया शाह का स्वागत
भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर से नरेंद्रनगर स्थित हेलीपैड पर पहुंचे शाह का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी गढ़वाल सोना सजवाण, विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, प्रीतम सिंह पंवार, शक्तिलाल शाह, विनोद कंडारी, मेयर ऋषिकेश अनिता ममगांई, पालिका अध्यक्ष नरेंद्रनगर राजेंद्र विक्रम सिंह समेत अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।



![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश