May 6, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

देहरादून में तैनात दीवान महिला सिपाही के कमरे में फंदे पर झूला

Spread the love

बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। महिला सिपाही प्रेमिका की सगाई से खफा राजधानी के साइबर थाने में तैनात शादीशुदा दीवान ने हरिद्वार के रुड़की स्थित प्रेमिका के कमरे में फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। महिला सिपाही इन दिनों अवकाश पर है और कमरे की एक चाभी दीवान के पास भी रहती थी।

पुलिस ने दीवान का शव महिला सिपाही के कमरे का दरवाजा तोड़कर रविवार की शाम बरामद किया। पुलिस का कहना है कि दीवान शनिवार से लापता था और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ चल रहा था। पुलिस ने बताया, राजधानी के प्रेमनगर निवासी नरेश चंद्र साइबर थाने में दीवान के पद पर तैनात था, जबकि देहरादून निवासी रुड़की के सीपीयू सेल में महिला सिपाही की तैनाती थी।

पुलिस के मुताबिक, नरेश का महिला सिपाही से काफी समय से प्रेमप्रसंग चल रहा था। अभी कुछ दिन पहले महिला सिपाही की परिजनों ने सगाई कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, इस बात से नरेश काफी परेशान था और प्रेमिका पर शादी न करने का दबाव बना रहा था। शनिवार को थाने में बिना सूचना दिए अपना मोबाइल ऑफ कर लापता हो गया।

नरेश की कोई लोकेशन पता नहीं चलने पर साइबर थाने के अफसरों ने परिजनों से जानकारी ली, लेकिन पता नहीं चल पाया। अफसरों ने नरेश की मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन निकाली तो लोकेशन रुड़की मिली। साथ ही उसकी महिला सिपाही से लंबी बातचीत का ब्योरा भी मिला। इसके बाद अफसरों ने महिला सिपाही से जानकारी ली तो प्रेम प्रसंग का पता चला।

महिला सिपाही ने अपने को अवकाश में होने की बात बताई और खुद सीपीयू के कार्यालय पर पहुंच गई। इसके बाद गंगनहर कोतवाली पुलिस महिला सिपाही के कमरे का दरवाजा तोड़कर नरेश का शव फंदे से लटका बरामद किया। हरिद्वार के एसपी देहात एसके सिंह और सीओ पल्लवी त्यागी पहुंची और जानकारी ली।

पुलिस ने जानकारी परिजनों को दी। एसपी देहात ने बताया, नरेश शादीशुदा था और दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला सिपाही कुछ दिनों से छुट्टी पर चल रही थी। बताया, महिला सिपाही की सगाई से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या की है। बताया, नरेश महिला सिपाही से रुड़की में उसके किराये के कमरे पर मिलने आता जाता रहता था। महिला सिपाही के साथ उसके पास भी कमरे की एक चाभी रहती थी।

बताया, शनिवार को वह महिला सिपाही से मिलने रुड़की आया था, लेकिन महिला सिपाही उसे नहीं मिली तो वह कमरे का ताला खोलकर अंदर गया और कुंडी बंद कर आत्महत्या कर ली।

Loading

About The Author


Spread the love