जकार्ता एशियाड के रिकार्ड को तोड़ भारत ने अब तक 81 पदक जीते, स्टार भाला फेंक नीरज ने जीता स्वर्ण पदक
बेबाक दुनिया डेस्क
नई दिल्ली। चीन के हांगझोऊ में खेले जा रहे हैं 19वें एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने बुधवार को इतिहास रचते हुए तीन स्वर्ण समेत 12 पदक अपनी झोली में डाले। भारत अब जकार्ता एशियाड के अपने रिकार्ड को तोड़ते हुए 81 पदक जीत चुका है, जिसमें 18 स्वर्ण पदक, 31 रजत पदक और 32 कांस्य पदक हैं।
जकार्ता एशियाड में भारत ने 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य समेत 70 पदक जीते थे। अभी 19वें एशियाई खेलों में चार दिन से शेष हैं और कई प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ी अभी पदक की होड़ में शामिल हैं। अनुमान है कि अबकी भारत पदकों का शतक लगा सकता है।
बुधवार को भारत के स्टार भला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रजत पदक भी भारत के किशोर जेना ने जीता। भाला फेंक में ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा ने 88.88 मीटर भाला फेंक कर लगातार दूसरी बार एशिया का स्वर्ण पदक जीता।
किशोर जेना ने भी नीरज चोपड़ा को काफी छकाया, लेकिन 87.54 मीटर तक भाला फेंक कर दूसरे स्थान पर रहे। जेना ने रजत पदक जीतने के साथ ओलंपिक का टिकट भी हासिल कर लिया। नीरज चोपड़ा पहले ही विश्व चैंपियनशिप के जरिए ओलंपिक क्वालीफाई कर चुके हैं।
बुधवार को पुरुषों की चार गुणा 400 रिले टीम के खिलाड़ी अनस मोहम्मद, आमोद जैकब, अजमल और राजेश रमेश ने भी स्वर्ण पदक जीता। वहीं, तीरंदाजी में ओजस प्रवीण देवताले और ज्योति सुरेखा की कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने स्वर्ण पदक दिलाया।
भारतीय जोड़ी ने कोरिया को 159-158 के स्कोर से हराया। 4 गुणा 400 मीटर रिले महिला दौड़ में शामिल विद्या रामराज, ऐश्वर्या मिश्रा, प्राची और शुभा वेंकटेशन को रजत मिला। महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में हरमिलन बैंस ने रजत पदक और 5000 मीटर दौड़ में अविनाश सांबले को रजत पदक मिला।
मुक्केबाज लवलीना को रजत पदक और 35 किमी पैदल चाल में रामबाबू और मंजू रानी की मिश्रित जोड़ी को कांस्य पदक मिला। मुक्केबाजी में 57 किलो भार वर्ग में परवीन हुड्डा को कांस्य, स्क्वैश में अनहत सिंह और अभय सिंह की जोड़ी को कांस्य पदक और ग्रीको रोमन कुश्ती में 87 किलो भार वर्ग में सुनील को कांस्य पदक मिला।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश