May 26, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मातृशक्ति के विकास को महिला नीति शीघ्र लागू की जाएगी : धामी

Spread the love

बोले सीएम, बाल श्रम उन्मूलन के लिए समस्त विभागों के समन्वय के साथ कार्य योजना बनाई जाएगी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, प्रदेश की मातृशक्ति के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जो महिला नीति बनाई गई है, उसको शीघ्र ही लागू किया जाएगा।

कहा, देवभूमि के भविष्य को सुरक्षित रखने हेतु बाल श्रम उन्मूलन के लिए समस्त विभागों के समन्वय के साथ विशिष्ट कार्ययोजना बनाई जाएगी। ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के स्वप्न को साकार करने के लिए नशा मुक्त ग्राम और नशा मुक्त शहर की योजना हम लाएं हैं, ऐसे क्षेत्रों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। कहा, राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और महिलाएं राज्य की रीढ़ हैं।

कहा, जरूरतमंद परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने हेतु मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना शुरू की जाएगी। जिला स्तर पर ऐसे आयोजन किए जाएंगे और राज्य सरकार इसकी व्यवस्था करेगी। कहा, हमारी सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध, जनता के प्रति जवाबदेह, भरोसेमंद और अपने कार्य में दक्ष है। कहा, 23 वर्ष में पहली बार बहुत से काम हुए हैं। पहली बार भर्तियों में घोटाले करने वालों पर क़ानूनी कार्रवाई के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया है।

कहा, 23 वर्ष में पहली बार धर्मांतरण रोकने के लिए कानून लागू किया गया है। 23 वर्ष में पहली बार उत्तराखंड में सामान नागरिक आचार संहिता कानून लागू करने के लिए तैयारी की जा रही है। 23 वर्ष में पहली बार प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत के क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था लागू की गई है। 23 वर्ष में पहली बार भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्यवाही हो रही है। 23 वर्ष में पहली बार राजस्व पुलिस की जगह रेगुलर पुलिस की तैनाती की जा रही है। 23 वर्ष में पहली बार आपदा प्रबंधन पर विश्व स्तरीय कार्यक्रम उत्तराखंड में होने जा रहा है।

कहा, हमने जो मेहनत की है, वो आपके सामने है और हमारा संकल्प है कि हम इस प्रकार के कार्य करते रहेंगे। हमारी सरकार का एकमात्र लक्ष्य है उत्तराखंड का विकास, हमारा एकमात्र ध्येय है उत्तराखंड की प्रगति, अपने इस ध्येय की प्राप्ति के लिए हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आपकी सेवा में जुटे हुए हैं। कहा, इस पावन अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का भी स्मरण जरूरी है, जिनके प्रधानमंत्रित्व काल में राज्य का स्वप्न साकार हुआ था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत करते हुए कहा, राष्ट्रपति की जीवन यात्रा हम सबके लिए प्रेरणादाई है। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से हमारी सरकार प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए दिन रात कार्य कर रही हैं। इस दौरान धामी ने राज्य निर्माण में योगदान देने वाले सभी अमर शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने भारत माता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड के वीर जवानों को भी उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस के उन शहीद जवानों व अधिकारियों का भी स्मरण किया, जिन्होंने प्रदेश एवं समाज में शांति स्थापित करने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

चार विभूतियों को मुर्मु ने सम्मानित किया

राज्य स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राज्य की चार विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में माधुरी बड़थ्वाल, बसंती बिष्ट, सचिदानन्द भारतीय और राजेंद्र सिंह बिष्ट।

राष्ट्रपति ने परेड का किया निरीक्षण

पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा परेड का निरीक्षण एवं मार्च पास्ट किया गया। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर उत्तराखंड की उपलब्धियों के बारे में एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कई विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन एवं पुलिस द्वारा साहसिक प्रदर्शन किया गया।

ये भी थे मौजूद

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, डा धन सिंह रावत, प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास, मुख्य सचिव डा एसएस संधू, डीजीपी अशोक कुमार आदि।

Loading

About The Author


Spread the love