बागेश्वर सीट पर कम वोटों से जीत की समीक्षा भी पार्टी करेगी : महेंद्र भट्ट
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस को युवा संकल्प दिवस के रूप में भाजपा मनाएगी। उधर, बागेश्वर का उप चुनाव भले ही पार्टी जीत गई हो, लेकिन जीत का आंकड़ा कम होने की समीक्षा भी करेगी।
उपरोक्त बात शनिवार को मीडिया से भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कही। उन्होंने कहा, 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से भाजपा पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा चलाएगी। इसके लिए पांच कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और प्रदेश, जिला व विधानसभा स्तर पर संयोजक भी बनाए गए हैं। कहा, विश्वकर्मा दिवस को लेकर पीएम मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर मुख्यालयों में प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कहा, राजधानी देहरादून में हस्तकला से जुड़े कारीगरों का भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय नेता भाग लेंगे। बताया, 18 सितंबर को जिला मुख्यालयों में एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 19 से 24 सितंबर तक आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए गांव-गांव में कैंप लगाए जाएंगे।
उन्होंने घोषणा की कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के जन्म दिवस 16 सितंबर को भी युवा संकल्प दिवस के रूप में पार्टी मनाएगी और इस दिन भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 11 से 15 सितंबर तक लोकसभा वार बैठकें भी आयोजित की जाएंगी और एक दिन का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सांसद, विधायक, मंडल अध्यक्ष व महामंत्री आदि मौजूद रहेंगे और आगे की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
उन्होंने एलान किया कि बागेश्वर उपचुनाव में वोटों के कम अंतर से जीत की जल्द समीक्षा बैठक की जाएगी। कहा, पार्टी लोस चुनाव में प्रत्येक बूथ जीतने के लिए काम करेगी। भविष्य में 50 प्लस के लिए आगे बढ़ेंगे। कहा, भाजपा की यहां पर पांचवीं बार जीत हुई है। कार्यकर्ताओं ने मेहनत से बागेश्वर चुनाव लड़ा।
कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बागेश्वर की जनता ने अटूट विश्वास जताया। एक सवाल के जवाब में कहा, भाजपा को इस चुनाव में 2022 के चुनाव से एक हजार ज़्यादा वोट मिले। यदि मतदान अधिक होता तो जीत और अधिक वोटों से होती। कहा, यहां पर तीन बूथ को छोड़कर अन्य बूथों पर पार्टी को ठीक ठाक मत मिले। इस मौके पर पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश