May 8, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मौसम ने ली करवट, कहीं बर्फबारी तो कहीं झमाझम बारिश और आंधी

Spread the love

देहरादून जिले में आंधी और बारिश, पारा गिरा, ठंड बढ़ी, गंगोत्री-यमुनोत्री और केदारनाथ में बारिश संग बर्फबारी

बदरीनाथ धाम में भी दोपहर बाद बर्फबारी शुरू, कई जिलों में बारिश से पारे ने लगाया गोता, निकले गर्म कपड़े

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। सोमवार सुबह से ही उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी जिलों में मौसम अचानक बदल गया। इस दौरान सुबह से ही आंधी और बारिश के साथ ही पहाड़ों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। उधर, दोपहर बाद बदरीनाथ धाम में भी बर्फबारी शुरू हो गई है।

सोमवार सुबह से ही मौसम खराब हो गया था। जैसे ही भोर में लोग नींद से जागकर उठे वैसे ही उनका सामना बारिश और आंधी से हुआ। तेज आंधी संग बारिश होने से ठंड भी बेतहाशा बढ़ गई है। राजधानी देहरादून में तेज हवा संग बारिश से जहां कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, वहीं जाम भी लग गया। लोग बारिश से बचने और जल्दी घर और दफ्तर जाने के चक्कर में जहां जगह मिली वहीं वाहन घुसेड़ दिए, जिससे जाम लगता रहा। इस दौरान पुलिस बेबस नजर आई।

उधर, केदारनाथ में बारिश के साथ बर्फबारी भी होती रही, जिससे पारा और गिर गया। गौरतलब हो कि रविवार को भी यहां पर जमकर बर्फबारी होने से चारों ओर बर्फ की चादर बिछ गई थी। वहीं, यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हुई। इस दौरान धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बर्फबारी का लुत्फ भी उठाया। उधर, पर्याप्त सुविधाएं न होने से श्रद्धालुओं को बारिश बर्फबारी में घंटों खड़ा भी रहना पड़ रहा है।

यमुनोत्री धाम में जहां सोमवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई, वहीं गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी हुई। यमुनोत्री धाम में बारिश के साथ ओले भी गिरे। यमुनोत्री धाम के ऊपर बुग्यालों की चोटियों सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ, कालिंदी पर्वत, गरुड़ गंगा टाप पर बर्फबारी हुई। बारिश बर्फबारी के चलते तापमान गिरने से लोग घरों में दुबके रहे। यहां पर बारिश और तेज हवाओं से तापमान भी गिर गया और लोगों के गर्म कपड़े निकल आए।

उधर, राजधानी देहरादून के जौलीग्रांट क्षेत्र में बारिश और आंधी से जहां तापमान काफी नीचे चला गया, वहीं खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल भी प्रभावित हुई। उधर, पहाड़ों की रानी मसूरी में हो रही बारिश से भी ठंड और बढ़ गई है, जबकि विकासनगर में आंधी तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होने से ठंड में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई है।

हरिद्वार में तेज आंधी और तूफान आने से कई जगह पेड़ की शाखाएं टूटकर गिर गईं, जबकि बाद में बारिश होने से यहां पर भी पारा नीचे चला गया और ठंड बढ़ गई है। ऋषिकेश में भी बारिश संग तेज हवाओं का दौर चलने से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए।

Loading

About The Author


Spread the love