मुख्यमंत्री ने सचिवालय में मिलेट बेकरी आउटलेट का किया शुभारंभ
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। राज्य सरकार द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2025 तक सवा लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उपरोक्त बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में मिलेट बेकरी आउटलेट का उद्घाटन करते हुए कही। कहा, राज्य के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसीलिए यहां के मोटे अनाजों पर आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका में वृद्धि के उद्देश्य से मिलेट बेकरी का आउटलेट शुभारंभ किया गया है।
कहा, राज्य में ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा मंडुआ, झंगोरा, ज्वार, चौलाई आदि अनाजों का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इनके मूल्य संवर्धन को दून के रायपुर ब्लॉक और पौड़ी के पौड़ी ब्लॉक में दो मिलेट उत्पादों की बेकरी शुरू की गई है। कहा, अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 के अंतर्गत स्थानीय मोटे अनाजों के उत्पादन और उपभोग को प्रोत्साहित करने को कई कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
बताया, अभी तक 40 हजार 270 महिलाएं लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं। चयनित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बेकरी विशेषज्ञ के माध्यम से बेकरी उत्पाद हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव राधिका झा एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी मौजूद थे।



![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश