मुंबई से उनका पार्थिव देह लखनऊ लाया जाएगा, राजधानी में होगा अंतिम संस्कार
बेबाक दुनिया ब्यूरो
लखनऊ। सहारा समूह के मुखिया और सहाराश्री के नाम से पहचाने जाने वाले सुब्रत राय (75) का मंगलवार की रात 10.30 बजे मुंबई के एक निजी अस्पताल में हार्ट अटैक से निधन हो गया।
सहाराश्री का पार्थिव शरीर मुंबई से लखनऊ लाया जाएगा और यहीं पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, सहाराश्री काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। 12 नवंबर को उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
स्कूटर से लेकर हवाई जहाज तक का सफर तय करने वाले सहाराश्री अपने पीछे पत्नी स्वप्ना राय और दो बेटे सुशांत और सीमांत को छोड़ गए हैं। तीनों कई सालों से विदेश में रह रहे हैं। बिहार के अररिया में 10 जून 1948 को पैदा होने वाले सुब्रत राय के पिता सुधीरचंद्र राय और मां छवि राय बंगाल के समृद्ध जमींदार परिवार से थे।
सुब्रत की शुरुआती शिक्षा कोलकाता में हुई, इसके बाद उन्होंने गोरखपुर के गवर्नमेंट टेक्निकल इंस्टिट्यूट मैकेनिकल कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उन्होंने अपना पहला बिजनेस भी गोरखपुर में ही शुरू किया। शुरुआत में सुब्रत राय ने स्कूटर पर नमकीन बेची।
सुब्रत ने 1976 में सहारा फाइनेंस में काम करना शुरू किया और 1978 में कंपनी का अधिग्रहण कर बुलंदियों में पहुंचा दिया। 1990 के दशक में सुब्रत ने सहारा समूह का पूरा कारोबार लखनऊ शिफ्ट कर दिया।
सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह से सुब्रत राय की नजदीकी जगजाहिर थी। सुपरस्टार अमिताभ बच्चन का परिवार भी सहारा समूह के कार्यक्रम में अक्सर दिखता था।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश