यूपी के शामली जनपद का रहने वाला था चालक, अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
बेबाक दुनिया ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद निवासी एक ट्रैक्टर चालक की शनिवार की रात रुड़की क्षेत्र के मंगलौर कोतवाली इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह की पड़ताल पुलिस कर रही है।
चालक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, चालक का शव उसी के ट्रैक्टर पर खून से लथपथ पड़ा मिला है। मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के बाबरी थाना क्षेत्र के करौंदा हाथी गांव निवासी धर्मवीर का
बेटा नेत्रपाल (56) जिले के पथरी थाना क्षेत्र के फेरूपुर में गन्ना डालने का कॉन्ट्रैक्ट पर काम करता था।
शनिवार की रात 12 बजे वह फेरूपुर से ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ना लेकर लिब्बरहेडी उत्तम शुगर मिल की ओर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह मंगलौर के पास ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पहुंचा, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने खून से लथपथ शव पड़ा देखा। लोगों ने सूचना मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। इसके बाद घटना की जानकारी नेत्रपाल के परिजनों को दी। पुलिस ने बताया, परिजनों की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। बताया, चालक के सीने में गोली मारी गई है। हत्या की वजह की पड़ताल की जा रही है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश