April 29, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

18 मिनट में 87 करोड़ का बजट पास

Spread the love

हरिद्वार जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में गैरजरूरी टैक्स पर सदस्यों का विरोध, जांच के लिए कमेटी गठित

बेबाक दुनिया ब्यूरो

हरिद्वार। शनिवार को जिला पंचायत बोर्ड बैठक में सदस्यों ने गैरजरूरी टैक्सों को लेकर जहां जमकर हंगामा किया, वहीं 18 मिनट में 87 करोड़ रुपये के बजट पर भी मुहर लग गई।

शनिवार को सुबह ग्यारह बजे देवपुरा स्थित जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह उर्फ किरण चौधरी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक शुरू हुई। बैठक शुरू होते ही होर्डिंग के नाम पर वसूले जा रहे टैक्स, दुकानदारों की आरसी और नोटिस काटने का सदस्यों ने विरोध जताया और हंगामा मचाना शुरू कर दिया। बाद में जिला पंचायत अध्यक्ष के जांच कमेटी गठित करने के आश्वासन के बाद सदस्य शांत हुए।

बोर्ड बैठक का संचालन कर रहे अपर मुख्य अधिकारी बीसी छिमवाल ने सदन को बताया, जिला पंचायत को नए वित्तीय वर्ष 2024-25 में सरकार और जिला पंचायत से होने वाली आय से 87 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। इस बजट से जिला पंचायत की ओर से 71 करोड़ के विकास कार्य और वेतन आदि खर्चों में किए जाएंगे। बताया, 16 करोड़ रुपये की बचत जिला पंचायत को होगी। इस बीच जिला पंचायत सदस्य अरविंद राठी पहुंचे और कहा, सही टैक्स का निर्धारण किया जाए।

कहा, ग्रामीण क्षेत्रों में होर्डिंग, बोर्ड के नाम पर अनावश्यक रूप से टैक्स वसूला जा रहा है। जिन लोगों ने दुकानों के बाहर भी बोर्ड लगाए हैं, उनसे भी पैसा लिया जा रहा है। यह किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी बात का समर्थन करते हुए अन्य सदस्यों ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में वसूले जा रहे होर्डिंग, बोर्ड आदि के नाम पर मनमानी टैक्स को लेकर विरोध शुरू कर दिया। सदस्य मनमाने टैक्स को रोकने और ग्रामीण दुकानदारों की आरसी और कोर्ट नोटिस रोकने की मांग पर अड़ गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने टैक्स निर्धारण के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सदस्यों की ओर से ग्राम पंचायत में होने वाले मनरेगा कार्यों के प्रस्ताव भी लाने की मांग की गई। अध्यक्ष ने विचार करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, जिला पंचायत सदस्य अंशुल चौधरी, बृजमोहन पोखरियाल, दर्शन सिंह और अंकित कश्यप आदि मौजूद रहे।

Loading

About The Author


Spread the love