राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ का शुभारंभ कर चार घोषणाएं भी की
पिथौरागढ़ में 50 बिस्तरों का छात्रावास, खिलाड़ियों का दैनिक भोजन भत्ता 250 से बढ़ाकर 480 रुपये किया
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ का शुभारंभ करते हुए खेल से जुड़ी चार घोषणाएं भी की। इसके तहत महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में 200 बिस्तरों का छात्रावास बनाया जाएगा।

वहीं, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू, पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों के लिए 50 बिस्तरों का छात्रावास, यहां के खिलाड़ियों का दैनिक भोजन भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 480 रुपये प्रतिदिन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रदेश के खिलाड़ी अब साधारण बस एवं ट्रेन में स्लीपर कोच पर नहीं, बल्कि एसी बस और ट्रेन में एसी कोच से सफर करेंगे।
मुख्यमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बधाई दी और कहा, मेजर ध्यानचंद के अनुकरणीय एवं शानदार खेल कौशल ने भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। अपने खेल के दम पर उन्होंने दुनिया भर के लाखों दिलों पर राज किया। मेजर ध्यानचंद ने हॉकी की दुनिया में भारत को एक अलग पहचान दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर भारत को अलग पहचान मिली है। हमारे देश में खिलाड़ियों के सामर्थ्य का सम्मान हो रहा है। देश के जैवलिन थ्रो के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीतकर एक बार फिर से साबित कर दिया कि दुनिया में कहीं भी खेल का मैदान हो, भारत का तिरंगा शान से लहराता है।
मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना का जिक्र करते हुए कहा, योजना से प्रदेश के 14 से 23 वर्ष के 2600 खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। योजना से प्रत्येक जनपद से बालक एवं बालिका वर्ग में 100-100 खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। प्रत्येक खिलाड़ी को प्रतिमाह दो हजार रुपये की छात्रवृत्ति एवं खेल संबंधी उपकरण लेने के लिए प्रतिवर्ष 10-10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुछ खिलाड़ियों को दो-दो हजार रुपये का चेक प्रदान कर योजना शुरू की।
सरकार खेलों को बढ़ावा देने की कर रही हरसंभव कोशिश
कहा, राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। पिछले वर्ष शुरू की गई मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में आठ से 14 वर्ष के उभरते खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। प्रदेश में करीब 3900 उभरते खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। राज्य में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु नई खेल नीति लाई गई है।

मुख्यमंत्री खेल विकास निधि बनाकर कर रहे हैं मदद : सीएम
सीएम ने कहा, खिलाड़ियों को नियमानुसार त्वरित वित्तीय लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि की स्थापना की गई है। खिलाड़ियों के प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण शिविरों में तथा यात्रा के दौरान दुर्घटना होने पर आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की गई है। राज्य सरकार विवि में व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु पांच प्रतिशत स्पोर्ट्स कोटा की व्यवस्था करने के लिए नियमावली बनाने जा रही है।

‘आउट ऑफ टर्न सेवायोजन की भी सरकार व्यवस्था कर रही’
सीएम धामी ने कहा, राज्य के अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायोजन प्रदान करने की भी व्यवस्था की जा रही है। कहा, राज्य के अधीन सेवाओं में सेवायोजन के लिए चार प्रतिशत खेल कोटे को पुनः लागू करने की कार्यवाही भी अंतिम चरण में है।

सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत : रेखा आर्या
प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अगले वर्ष उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा। नई खेल नीति में खिलाड़ियों के लिए हर संभव सुविधा मुहैया कराने के प्रयास किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के तहत खिलाड़ियों को चेक भी प्रदान किए। इस दौरान सीएम ने पैरालंपिक खिलाड़ी एवं नेशनल पावर लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले अपर पुलिस महानिदेशक अमित सिन्हा को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक खजानदास, मेयर सुनील उनियाल गामा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार, खेल निदेशक जितेन्द्र कुमार सोनकर उपस्थित थे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश