May 5, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

पांच राज्यों के चुनाव की घोषणा, छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान

Spread the love

मध्यप्रदेश में 17 नवंबर, तेलंगाना में 30 नवंबर, मिजोरम में सात नवंबर, राजस्थान में 23 नवंबर और छत्तीसगढ़ में सात और 17 नवंबर को मतदान

बेबाक दुनिया ब्यूरो

नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, मिजोरम, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव की घोषणा सोमवार को कर दी। इसके साथ ही सभी पांचों राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।

छत्तीसगढ़ में दो चरणों में, जबकि बाकी राज्यों में एक चरण में मतदान संपन्न होगा। मुख्य निर्वाचन चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव की तिथियां घोषित करते हुए कहा, छत्तीसगढ़ में कुल 90 विधानसभा सीटों पर सात और 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मिजोरम की सभी 40 सीटों पर सात नवंबर, मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर, राजस्थान की सभी 200 सीटों पर 23 नवंबर और तेलंगाना की 119 सीटों पर 30 नवंबर को मतदान होगा।

सभी राज्यों के चुनाव परिणाम तीन दिसंबर को एक साथ घोषित किए जाएंगे। मतदान की शुरुआत मिजोरम और छत्तीसगढ़ से सात नवंबर को होगी और आखिर में तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा। पांच राज्यों में चुनावी शंखनाद की घोषणा होते ही आदर्श चुनाव आचार संहिता भी इन राज्यों में लागू हो गई है।

सभी पांच राज्यों की 679 विधानसभा सीटों पर तकरीबन 16 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 8.52 करोड़ पुरुष और 7.80 करोड़ महिला मतदाता हैं। पांचों राज्यों में 1.77 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है, जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा, तेलंगाना में टीआरएस, जबकि मिजोरम में एमएनएफ की अगुवाई में एनडीए की सरकार है।

मध्य प्रदेश में 21 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी, जबकि राजस्थान में 30 अक्टूबर को, तेलंगाना में तीन नवंबर को, मिजोरम में 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। मध्य प्रदेश में नामांकन की तारीख 30 अक्टूबर है, जबकि राजस्थान में छह नवंबर, तेलंगाना में 10 नवंबर और मिजोरम में 20 अक्तूबर को नामांकन पत्र भरे जाएंगे।

नामांकन पत्रों की जांच मध्य प्रदेश में 31 अक्टूबर को, राजस्थान में सात नवंबर को, तेलंगाना में 13 नवंबर और मिजोरम में 21 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की तारीख मध्य प्रदेश में दो नवंबर, राजस्थान में नौ नवंबर, तेलंगाना में 15 नवंबर और मिजोरम में 23 अक्टूबर है।

वहीं, छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव के दौरान पहले चरण की अधिसूचना 13 अक्टूबर को, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 21 अक्टूबर को जारी की जाएगी। यहां पर नाम वापसी 20 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को किए जाएंगे, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 21 और 31 अक्टूबर को होगी। वहीं, नाम वापसी 23 अक्टूबर और दो नवंबर को होगी। पांचों राज्यों में लोकसभा की 83 सीटें हैं।

Loading

About The Author


Spread the love