May 26, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

सुरंग में फंसे मजदूरों को जल्द बाहर निकालना प्राथमिकता : धामी

Spread the love

मुख्यमंत्री सोमवार को सिलक्यारा पहुंचे और टनल में जाकर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली

बोले, बचाव कार्य में जिस चीज की जरूरत होगी, उसे सरकार शीघ्र ही उपलब्ध कराएगी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

उत्तरकाशी। सोमवार को सुबह सवा ग्यारह बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिलक्यारा के पास सुरंग में हुए भूधसाव का टनल के अंदर जाकर निरीक्षण किया और चल रहे बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान मीडिया से मुखातिब धामी ने कहा, सुरंग में फंसे मजदूरों को जल्द सुरक्षित निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास भी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परस्पर बेहतर समन्वय और तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश देते हुए कहा, अभियान के लिए बाहर से जिस तरह के संसाधनों और तकनीकी सहायता की जरूरत होगी, उसे सरकार शीघ्र उपलब्ध कराएगी।

कहा, किसी भी स्तर पर कोई भी जरूरत पर शीघ्र ही शासन को सूचित किया जाए। कहा, राहत और बचाव कार्यों के लिए सभी संभव विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। बचाव कार्य के लिए बड़े व्यास के ह्यूम पाइप हरिद्वार और देहरादून से भेजे जाने की व्यवस्था कर दी गई है। भरोसा जताया कि ईश्वर की कृपा और बचाव अभियान में जुटे लोगों के प्रयासों से सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों को जल्द सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन से टनल में श्रमिकों की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

बताया, प्रधानमंत्री ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही हर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं। कहा, केंद्रीय एजेंसियों को भी राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करने हेतु निर्देशित किया गया है। सीएम ने पीड़ितों के परिजनों को आश्वस्त किया कि सुरंग में फंसे लोगों को सकुशल बाहर निकालने के लिए राज्य और केंद्र दोनों सरकारें गंभीर हैं। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रेलमंत्री ने भी इस संबंध में बात की है।

इस दौरान सीएम को डीएम अभिषेक रूहेला, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, एनएचआईडीसीएल और अन्य एजेंसी के अधिकारियों ने बताया, टनल में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए मलबा हटाने का कार्य जारी है। मलबा हटाने के लिए हैवी एक्सकैवेटर मशीनों को जुटाया गया है। टनल में फंसे मजदूरों से पाइप के जरिये संदेशों का आदान प्रदान किया गया है। पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है और इसी पाइप लाइन से रात में चने के पैकेट कंप्रेसर के जरिए श्रमिकों तक भेजे गए हैं।

उधर, मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने भी राहत और बचाव कार्यों को लेकर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान कई विशेषज्ञ एवं रेस्क्यू अभियान में जुटे दस्तों के प्रमुख मौजूद रहे। वहीं, यमुनोत्री क्षेत्र के विधायक संजय डोभाल, ब्लॉक प्रमुख डुंडा शैलेंद्र कोहली, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा और राष्ट्रीय मंत्री स्वराज विद्वान भी मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love