मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल की तैयारियों के संबंध में बैठक लेकर कैबिनेट मंत्री ने दिए कई निर्देश
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने 27 से 30 दिसंबर तक पहाड़ों की रानी मसूरी में होने वाले मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल को जहां भव्य रूप से आयोजित करने को कहा, वहीं अफसरों को कार्निवाल के दौरान मॉल रोड में सभी प्रकार के वाहनों को प्रतिबंधित करने को कहा, ताकि पर्यटकों को असुविधा न हो।
कैबिनेट मंत्री ने बुधवार को राजपुर रोड़ स्थित मंथन सभागार में कार्निवाल से जुड़े कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक लेकर आयोजन से जुड़े अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश भी दिए। कहा, कार्निवाल के दौरान अफसर यह सुनिश्चित करें कि यहां आने वाले पर्यटकों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने पार्किंग, यातायात प्रबंध, सुरक्षा व्यवस्था, पानी-बिजली की उपलब्धता, बढ़ती ठंड के चलते अलाव व्यवस्था एवं सफाई से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

जोशी ने कहा, कार्निवाल में प्रदेश की संस्कृति और कला से रूबरू के साथ ही कई प्रकार के कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। कहा, कार्निवाल में फूड फेस्टिवल का भी आयोजन होगा, जिसमें श्रीअन्न मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। पहाड़ी व्यंजनों के साथ मिलेट्स के व्यंजन और उससे बने उत्पाद भी फूड फेस्टिवल में होंगे।

मंत्री ने अफसरों को कार्निवाल में पहाड़ की संस्कृति की झलक और स्थानीय उत्पादों का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के भी निर्देश दिए। कहा, पर्यटकों को प्रदेश की संस्कृति और खानपान से रूबरू कराया जाएगा। बैठक में शोभा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही एडवेंचर खेल, प्रतियोगिताएं, गोष्ठियों, साहसिक खेल, मोटर बाइक रैली, कबड्डी, मैराथन, नेचरवॉक, स्टार गेजिंग, विंटेज रैली, हिस्ट्रीवॉक आदि के आयोजन के संबंध में भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, जिला प्रशासन के अधिकारी और कार्निवाल समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश