मरने वालों में एक हरदोई जिले का और दो सीतापुर जिले के रहने वाले
ट्रेन के स्पेशल कोच में खाना बनाते समय लगी आग, 20 से ज्यादा लोग झुलसे
बेबाक दुनिया डेस्क
लखनऊ। तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर खड़ी चेन्नई एक्सप्रेस के स्पेशल कोच में शनिवार को सुबह खाना बनाते समय आग लगने से झुलसकर मरने वालों में एक हरदोई और दो सीतापुर जिले के भी हैं। हादसे में नौ लोगों की मौत की बात बताई जा रही है, जबकि 20 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं। इस कोच में यूपी के यात्री ही थे।
हादसे के बाबत दक्षिण रेलवे ने बताया, आग एक गैस सिलेंडर के कारण लगी, जिसे अवैध तरीके से ट्रेन में ले जाया जा रहा था। बताया, यह कोच उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आया था। बताया जाता है कि सुबह सवा पांच बजे कोच में यात्रियों ने स्टोव जलाया तो सिलेंडर में धमाका हो गया।
हादसे के बाद चलाए गए बचाव कार्य के दौरान नौ शव मिले हैं। बताया, अग्निशमन दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सवा सात बजे तक आग पर काबू पा लिया था। बताया, आग से दूसरे डिब्बों को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है।
बताया जाता है कि कोच में सीतापुर के 10 लोग सवार थे, जिसमें दो की मौत हो गई, बाकी अन्य सुरक्षित है। मरने वालों में शत्रु दमन सिंह (65) और मिथिलेश (50) हैं। दोनों कोच में सवार थे और रामेश्वरम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में शत्रु दमन सिंह की पत्नी और मिथिलेश के पति भी झुलस गए हैं।
उधर, हरदोई शहर के मोहल्ला चंदीपुरवा निवासी परमेश्वर दयाल गुप्ता (60) पत्नी रेनू गुप्ता के साथ 17 अगस्त को लखनऊ से चेन्नई एक्सप्रेस में सवार हुए थे। उनके साथ सांडी के कस्बा नवाबगंज के प्रदीप गुप्ता, उनकी पत्नी किरन गुप्ता और टडिय़ावां के विद्याधर गुप्ता भी सवार थे। हादसे में परमेश्वर दयाल गुप्ता की मौत हो गई। 30 अगस्त को इन सभी को वापस लखनऊ आना था।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश