राजधानी की पुलिस आधुनिक ड्रोन से कई इलाकों की मॉनिटरिंग करेगी
आसमान से ट्रैफिक वॉयलेशन, नो पार्किंग संग अस्थाई अतिक्रमण पर होगी निगरानी
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। अब राजधानी पुलिस आसमान से शहर के कई क्षेत्रों की ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण आदि को नियंत्रित करने के लिए आधुनिक ड्रोन की मदद लेगी। इस बाबत दून पुलिस ने मुंबई की एक कंपनी से करार किया है।
बृहस्पतिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए मुंबई की कंपनी आइडिया फोर्ग टेक्नोलॉजी लिमिटेड से अनुबंध कर फ्लाइंग हॉक का विधिवत शुभारंभ भी किया गया। इसके तहत कंपनी राजधानी के नगर क्षेत्र के सभी मुख्य मार्गों चकराता रोड, शिमला बाईपास रोड, सहारनपुर रोड, हरिद्वार बाईपास रोड, राजपुर रोड, ईसी रोड आदि की हाईटेक ड्रोनों की मदद से लगातार निगरानी की जाएगी।
पुलिस अफसरों के मुताबिक, उपरोक्त स्थानों पर यातायात नियमों का उल्लंघन, नो पार्किंग में खड़े वाहनों और अस्थाई अतिक्रमण पर नजर रखते हुए ड्रोन के मार्फत स्थान चिन्हित कर कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा नगर में निकलने वाली शोभायात्राओं और जुलूसों की नियमित मॉनिटरिंग भी उक्त ड्रोनों की सहायता से की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस कार्यालय और आईएसबीटी स्थित कंट्रोल रूम से दो ड्रोन का संचालन किया जाएगा, जिसके जरिए उक्त सभी मार्गों पर हो रही हर गतिविधि पर आसमान से नजदीकी नजर रखी जाएगी। उक्त ड्रोनों की कमान और गतिविधियों पर बड़े अफसरों की भी पैनी निगाह रहेगी।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश