May 1, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

उत्तराखंड में बुराई पर हुई अच्छाई की जीत

Spread the love

राजधानी के परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री ने बटन दबा रावण का किया दहन

गढ़वाल के सभी जिलों में लगे मेले, शाम को रावण का पुतला भी फूंका गया

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को राजधानी समेत पूरे गढ़वाल मंडल में जहां मेलों की धूम रही, वहीं सभी जगह शाम को बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया।

राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में रावण के पुतले को जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बटन दबाकर आग के हवाले किया, वहीं अन्य स्थानों पर भी बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व बेहद ही धूमधाम से मनाया गया। परेड ग्राउंड पर मुख्यमंत्री के साथ मेयर सुनील उनियाल गामा भी मौजूद थे। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने जहां मेले का लुत्फ उठाया, वहीं बुराई के प्रतीक को धू धू कर जलते भी देखा।

दशहरे के मौके पर पर पहाड़ों की रानी मसूरी में भी जहां रावण के पुतले का दहन किया गया, वहीं मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दशहरा मेला में लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी लोगों ने लुत्फ उठाया। हरिद्वार में रावण के पुतले की जगह यूपी के पूर्व मंत्री और सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने फूंका।

वहीं, उत्तरकाशी में आदर्श रामलीला समिति की ओर से रामलीला मैदान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राम के तीर मारते ही रावण धू-धू कर जल उठा। उधर, बड़कोट में यमुनाघाटी सनातन जागृति संगठन ने भी रामलीला मैदान में रावण का पुतला दहन किया, जबकि हरिद्वार के रोड़ी बेल वाला में और ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर रावण के पुतले का दहन किया गया।

इस दौरान दोनों ही जगहों पर हजारों की संख्या में भीड़ मौजूद थी। पौड़ी जिले में भी दर्जनों स्थानों पर रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में स्त्री पुरुष और बच्चे मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love