May 26, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

‘निवेश को बढ़ावा देने के लिए हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार जरूरी’

Spread the love

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बड़े अफसरों की बैठक लेकर दिए कई निर्देश

कहा, इन्वेस्टर्स समिट के करारों की ग्राउंडिंग को तेजी से कार्य किए जाएं

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए हवाई कनेक्टिविटी को और विस्तार देना होगा। साथ ही इन्वेस्टर्स समिट के तहत अब तक हुए रोड शो में जो करार हुए हैं, उनकी ग्राउंडिंग के लिए तेजी से कार्य किए जाएं।

ये बात शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में विकास कार्यों में तेजी लाने एवं रोजगार सृजन को बढ़ाने के लिए शासन के बड़े अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कही। अफसरों को निर्देश दिए कि देहरादून में आगामी माह 8-9 दिसंबर को होने वाले इन्वेस्टर्स समिट से पहले अधिकांश कार्य धरातल पर उतरें, इसके लिए तेजी से कार्य किए जाएं।

कहा, राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए नीतियों में और सरलीकरण की जरूरत है, तो इसके लिए प्रस्ताव लाए जाएं। कहा, जिन निवेश प्रस्तावों से ज्यादा रोजगार सृजन हो सकता है और राज्य की परिस्थितियों के हिसाब से जो प्रस्ताव अधिक अनुकूल हैं, उनको शीर्ष प्राथमिकता दी जाए। कहा, जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की दिशा में राज्य सरकार के स्तर से की जाने वाली समस्त कार्यवाही शीघ्र की जाएं।

उन्होंने पिथौरागढ़ के नैनीसैनी हवाई पट्टी से नियमित हवाई सेवा संचालित करने के लिए की जा रही कार्यवाही में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रोपवे निर्माण से संबधित कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश अफसरों को दिए। कहा, मानसखंड मंदिर माला मिशन के मास्टर प्लान पर तेजी से कार्य किया जाए।

कहा, राज्य में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत दोनों मंडलों में कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए भी तेजी से कार्य किया जाए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत प्रथम चरण में चयनित मंदिरों के लिए मास्टर प्लान के आधार पर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने 28 नवंबर से एक दिसंबर से तक देहरादून में होने वाले छठवें विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन की तैयारियां समय पर सुव्यवस्थित तरीके से पूरी करने के भी निर्देश दिए। कहा, राज्य में आपदा प्रबंधन की दृष्टि से यह बड़ा आयोजन होना है। कई देशों से आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञ प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान बनाने का राज्य के पास अच्छा अवसर है।

मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दृष्टिगत कानून व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंदबर्द्धन, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, एसएन पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमन, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, युगल किशोर पंत, सी रविशंकर, महानिदेशक उद्योग श्री रोहित मीणा, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, अपर सचिव जेसी कांडपाल आदि मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love