May 5, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

बीटल्स महोत्सव से प्रदेश को मिलेगी नई ऊर्जा : सीएम

Spread the love

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। शुक्रवार को ऋषिकेश क्षेत्र के पौड़ी जिले में आने वाले नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के वानप्रस्थ घाट पर तीन दिवसीय द बीटल्स एंड द गंगा महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, योगनगरी ऋषिकेश का आध्यात्म और संगीत में संबंध है।

कहा, बीटल्स ने पाश्चात्य सभ्यता को दिखाया कि किस प्रकार से आत्मा और संगीत मिश्रित होकर आध्यात्म में विलीन हो सकते हैं। बीटल्स के सदस्यों ने इसी भूमि से प्रेरित होकर ऐसा संगीत बनाया जिसकी महक पूरे विश्व ने महसूस की। आज हम उसी बीटल्स महोत्सव मना रहे हैं। इस फेस्टिवल के माध्यम से उत्तराखंड को एक नई ऊर्जा मिलेगी।

धामी ने कहा, हमारे देश की प्राचीन और महान संस्कृति ने पूरे विश्व को एक परिवार की अवधारणा से देखा है। संपूर्ण विश्व एक परिवार की अवधारणा विश्व के सामने हमारे देश ने ही रखा। ऋषि मुनियों से समाज में अध्यात्म और ज्ञान का प्रचार प्रसार किया। राष्ट्र की अखंडता एकता के लिए सद्भावना की जरूरत है इसलिए हमें प्रेम और अहिंसा के रास्ते पर चलकर समाज में एकता की भावना को मजबूत करना होगा।

कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की अवधारणा है, उसे साकार कर सकते हैं। कहा, हम विश्व गुरु के पद पर आरूढ हो रहे हैं। अध्यात्म के जागरण से ही भारत विश्व गुरु बनेगा। आज दुनिया के देश भारत के रुख का इंतजार करते हैं। कहा, 50 लाख से अधिक लोगों ने चारधाम की यात्रा की है, जो अब तक का सबसे बड़ा ऐतिहासिक आंकड़ा है।

इस मौके पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदांनद सरस्वती, साध्वी भगवती, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, ऋषिकेश की मेयर अनीता ममगाईं, नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक अध्यक्ष माधव अग्रवाल, डीएम डा. आशीष चौहान मौजूद रहे। उधर, इस मौके पर यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने यमकेश्वर सिद्धपीठ मंदिर और महाबगढ़ मंदिर को विकसित करने और देवीखाल स्थित मां बाल कुंवारी मंदिर का सौंर्दयीकरण करने की मांग और संयुक्त जिला प्राधिकरण कार्यालय खोलने की मांग की।

Loading

About The Author


Spread the love