April 16, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मिजोरम : स्टील गार्डर गिरने से 23 मजदूरों की मौत, तीन घायल

Spread the love

पांच श्रमिक लापता, सभी मृतकों के परिजनों को रेलवे देगा 10-10 लाख रुपये का मुआवजा

गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और मामूली घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा मिलेगा

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रेल मंत्री, मिजोरम के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया दुख

बेबाक दुनिया ब्यूरो

नई दिल्ली। मिजोरम प्रांत में बुधवार सुबह रेलवे के कुरुंग नदी में निर्माणाधीन पुल पर स्टील गार्डर रखते समय गार्डर गिरने से काम कर रहे 23 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए, जबकि पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। मरने वाले ज्यादातर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हैं।

हादसे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव, मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा, राज्यपाल हरीबाबू कंभमपति, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता/सांसद राहुल गांधी ने गहरा दुख जताया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुरुंग नदी पर निर्माणाधीन रेलवे पुल पर बुधवार को सुबह 10 बजे के आसपास दो इंजीनियरों समेत करीब 40 लोग स्टील का गार्डर रखने का काम कर रहे थे। इस दौरान पास ही में 26 मजदूर काम में जुटे थे।

इस बीच अचानक गार्डर काम कर रहे श्रमिकों के ऊपर गिर गया, जिससे 23 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे में पांच के लापता होने की सूचना है, जिनकी खोजबीन एनडीआरएफ, मिजोरम पुलिस और स्थानीय जिला प्रशासन की टीम कर रही है। मौके पर रेलवे के अफसर भी पहुंच गए, जो राहत और बचाव कार्य करवा रहे हैं।

बताया जाता है कि 12 शवों की पहचान हो गई है, जबकि अन्य छह की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। जिस नदी पर रेलवे पुल का निर्माण हो रहा है, वह बैराबी को सौरांग को जोड़ेगा। उधर, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने मुआवजे की घोषणा की है।

रेलवे के मुताबिक, सभी मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे और गंभीर घायलों को 2-2 लाख व मामूली घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा मिलेगा।

Loading

About The Author


Spread the love