जनहित के कार्यों में लगेगी नीलामी से मिलने वाली धनराशि, उपहारों की कीमत का मूल्यांकन कर होगी नीलामी
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई पहल करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में सीएम को मिलने वाले उपहारों को नीलाम करने की घोषणा की है। इस बाबत धामी ने सचिव विनय शंकर पांडेय को निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सचिव विनय शंकर पांडेय को कार्यक्रमों में सीएम को मिले उपहारों के मूल्य का आकलन कर उनकी नीलामी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदेश में कहा, नीलामी से मिलने वाली रकम को जनहित के कार्यों में इस्तेमाल किया जाए। कोई सामान्य व्यक्ति भी नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकता है। मुख्यमंत्री धामी ने अभी हाल ही में लोगों से अपील की थी कि किसी समारोह में अतिथियों को बुके की जगह बुक देने की परंपरा शुरू करनी चाहिए।
कहा था, इससे भावी पीढ़ी में ज्ञान का भंडार बढ़ेगा व दिमाग का भी पोषण होगा। पौधा भेंट करना भी बुके का विकल्प हो सकता है। अब मुख्यमंत्री ने एक और नवीन एवं अभिनव पहल की है। दरअसल, मुख्यमंत्री प्रदेश या प्रदेश से बाहर कार्यक्रमों में शिरकत करते हैं, तो लोग उपहार उन्हें भेंट करते हैं। शॉल से लेकर पेंटिंग, कई प्रकार की आकृतियां उन्हें भेंट करते हैं।
अब मुख्यमंत्री ने सचिव को निर्देशित किया कि उन्हें जो भी उपहार कार्यक्रमों में मिलते हैं, उनके मूल्य की गणना कर नीलामी की जाए। मुख्यमंत्री ने सचिव को प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा है, ताकि जल्द से जल्द इस कार्य को प्रारंभ किया जा सके।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश