कक्षा एक से 12वीं क्लास तक अपग्रेड किए जाएंगे : सीएम योगी
बिना यूपी के विकसित भारत की संकल्पना संभव नहीं : प्रधान
बेबाक दुनिया ब्यूरो
लखनऊ। जिस समय पूरी दुनिया कोरोना संक्रमण से जूझ रही थी, उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की 140 करोड़ की आबादी को बचाने के साथ ही नई शिक्षा नीति की आधारशिला रखी और नए विजन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। पीएम श्री स्कूल योजना इसी दिशा में एक कदम है।
उपरोक्त बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी के लोकभवन में 404 करोड़ रुपये की धनराशि से पीएमश्री योजना के अंतर्गत स्कूलों के आधुनिकीकरण का शुभारंभ एवं प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत माध्यमिक विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के संतृप्तीकरण हेतु 347 करोड़ रुपये की धनराशि का अंतरण तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के अंतर्गत समूह ‘ख’ के नवचयनित अफसरों को नियुक्ति पत्र के वितरण करते समय संबोधित करते हुए कही।
कहा, कई बार योजना की घोषणा के बाद काम में समय लगता है, लेकिन यहां शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पूरी टीम के साथ आए हैं। प्रदेश के पांच करोड़ बच्चों के लिए नई योजना शुरू होगी। इस योजना के तहत पहले चरण में प्रदेश के 928 विद्यालय चयनित किए गए हैं। इसके तहत कक्षा एक से 12वीं क्लास तक अपग्रेड किए जाएंगे। कहा, यह हमेशा ही सवाल रहा है कि गरीब का बच्चा जहां पढ़ता है। वहां सुविधा, शिक्षक और कनेक्टिविटी नहीं है। पहले विद्यालय बंद होने के कगार पर थे।
कहा, आज उत्तर प्रदेश में बेसिक के 96 प्रतिशत स्कूलों को ऑपरेशन कायाकल्प में अपग्रेड किया गया है। योगी ने कहा, हमने ड्रॉपआउट रोकने के लिए भी प्रयास किया। स्कूल चलो अभियान शुरू किया। लोगों को आधार से जोड़ने का काम किया। स्कूलों में 40 लाख बच्चे बढ़े हैं। हमने तय किया और स्कूलों में 1.25 लाख शिक्षक भर्ती की। ऑपरेशन कायाकल्प चलाया। बच्चों को बैग, किताब, स्वेटर और जूते दिए। इसके लिए अप्रैल में डीबीटी की जाती है। पीएम श्री स्कूल आज की जरूरत है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण प्रभु श्रीराम के दिव्य भव्य मंदिर के लोकार्पण की घड़ी आ गई है। पूरी दुनिया भारत की तरफ देख रही है। दुनिया राममय है। कहा, पीएम मोदी की उपस्थिति में हाल में देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिव की बैठक हुई थी। प्रोजेक्ट कायाकल्प की भी इस बैठक में चर्चा हुई थी। कहा, मैं योगी को नई शिक्षा नीति और ऑपरेशन कायाकल्प हूबहू लागू करने के लिए बधाई देता हूं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा, देश में 26 करोड़ बच्चे पढ़ते हैं। इसमें से चार करोड़ यूपी के हैं। बिना यूपी के विकसित भारत की संकल्पना संभव नहीं है। कहा, 2047 से पहले भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प लिया गया है। यूपी उससे पहले विकसित बनेगा। प्रदेश में बिना कोचिंग के 54 बच्चे आईआईटी, एनआईटी आदि में प्रवेश ले रहे हैं। यही नई शिक्षा नीति की सफलता है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश