प्रॉपर्टी डीलर भी हैं भाजपा नेता धर्मेंद्र चौधरी, भतीजे के साथ बैंक से रुपये निकालकर तहसील जा रहे थे
बदमाश सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद, पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, पर पकड़ में नहीं आया बदमाश
बेबाक दुनिया ब्यूरो
हरिद्वार। बृहस्पतिवार को दोपहर सवा बारह बजे जिले में एक टप्पेबाज बदमाश ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए भाजपा नेता और प्रॉपर्टी डीलर की कार से साढ़े पांच लाख रुपयों से भरा बैग लेकर रफूचक्कर हो गया। वारदात से पुलिस में अफरातफरी मच गई। बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर सवा 12 बजे के आसपास पथरी थाना क्षेत्र के अंबूवाला निवासी भाजपा नेता और प्रॉपर्टी डीलर धर्मेंद्र चौधरी भतीजे शुभम चौधरी संग ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सहकारी बैंक से साढ़े पांच लाख रुपये निकाले और अपनी कार से तहसील जा रहे थे।
इस दौरान आर्य नगर चौक के पास किसी काम से रुके और थोड़ी देर बाद कुछ जैसे ही उनकी कार आगे बढ़ी तो एक व्यक्ति आया और गाड़ी में कुछ खराबी आने की ओर इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने उतरकर बोनट खोला ही था कि इस बीच बदमाश कार के अंदर से बैग लेकर फरार हो गया।
जब दोनों गाड़ी के अंदर पहुंचे तो बैग गायब देख घबड़ा गए। भाजपा नेता ने फौरन ज्वालापुर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे पुलिस ने खंगाले। कैमरे में एक आरोपी बैग ले जाते हुए दिखाई पड़ रहा है।
वारदात के बाद जिला पुलिस ने शहरभर में चेकिंग अभियान चलाया, पर बदमाश का कुछ पता नहीं चल पाया है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस और सीआईयू की टीम को मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं। कहा, शीघ्र ही आरोपी को पुलिस दबोच कर खुलासा करेगी।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश