May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

चिन्यालीसौड़ सीएचसी पहुंचे मुख्यमंत्री, जाना श्रमिकों का हाल

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिकों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी

रैट माइनिंग तकनीक से मैन्युअल खुदाई करने वाले श्रमिकों को भी 50-50 हज़ार रुपये देने की घोषणा की

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बुधवार को दिन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में सिलक्यारा टनल से रेस्क्यू किए श्रमिकों का हाल जानने पहुंचे। इस दौरान धामी ने टनल से रेस्क्यू किए प्रत्येक श्रमिक को 1-1 लाख की सहायता राशि के चेक दिए।

इस दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन के अंतिम दौर में पाइप पुशिंग हेतु रैट माइनिंग तकनीक से मैन्युअल खुदाई करने वाले श्रमिकों को भी 50-50 हज़ार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती प्रत्येक श्रमिक से उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने डॉक्टरों से श्रमिकों के स्वास्थ लाभ, चिकित्सा उपचार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने श्रमिकों को दी जा रही कई सुविधाओं का भी जायज़ा लिया। उन्होंने श्रमिकों की सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने रेस्क्यू किए गए श्रमिकों में से टनकपुर, चंपावत के पुष्कर की माता से मोबाइल पर बात कर पुष्कर के बारे में जानकारी दी और कहा कि सभी श्रमिकों को सकुशल बचाकर राज्य सरकार ने अपना वादा निभाया है। मुख्यमंत्री ने पुष्कर की माता को बताया कि पुष्कर के साथ ही सभी श्रमिक सुरक्षित हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने श्रमिकों के साहस, मनोबल और परिजनों के धैर्य के साथ ही रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी एजेंसियों व कार्मिकों की मेहनत को इस अभियान की सफलता का आधार बताया। धामी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरंग में फंसे श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के अभियान पर निरंतर नजर रखे हुए थे और श्रमिकों की कुशलता को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे।

कहा, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में श्रमिकों के जीवन को बचाने की सरकार की वचनवद्धता और परिजनों के साथ जनता द्वारा जताए गए अटूट विश्वास ने इस बेहद जटिल, चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरे बचाव अभियान को कामयाब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कहा, सुरंग हादसे के चलते हम सब अबकी दीपावली नहीं मना पाए थे, अब सभी श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद बृहस्पतिवार को दिवाली का जश्न मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के परिजनों को देहरादून मुख्यमंत्री आवास में दिवाली मनाने हेतु आमंत्रण भी दिया। धामी को बताया गया कि प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में सभी ठीक पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर उच्च चिकित्सकीय परीक्षण हेतु इनको हायर सेंटर भेजा जाएगा। इस मौके पर कमिश्नर गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी आदि मौजूद रहे।

Loading

About The Author


Spread the love