December 14, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

टिहरी में गुलदार, पौड़ी में शावक पिंजरे में कैद, एक का शव मिला

Spread the love

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। गढ़वाल मंडल के टिहरी जिले में जहां एक गुलदार का संदिग्ध हालात में शव मिला, वहीं इसी जिले में एक गुलदार के दिखाई पड़ने से लोगों में खौफ पैदा हो गया, लेकिन वन विभाग की टीम ने उसको पिंजरे में कैद कर लिया। उधर, पौड़ी जिले में गुलदार का शावक पिंजरे में कैद हो गया।

टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के बूढ़ाकेदार क्षेत्र में रविवार को उस समय दहशत फैल गई, जब बाजार के समीप करीब छह महीने का एक नर गुलदार दिखाई दिया। इसके बाद व्यापारियों ने हल्ला मचाया, लेकिन गुलदार टस से मस नहीं हुआ। इसके बाद लोगों ने वन विभाग को जानकारी दी। सूचना के बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को बाजार के समीप जाल लागकर पिंजरे में कैद किया।

इस बाबत वन बीट अधिकारी ने बताया, गुलदार अस्वस्थ दिखाई दे रहा है, जिसको पिलवा डिपो ले जाया जा रहा है। जहां डॉक्टरों की टीम गुलदार का इलाज करेगी। उधर, टिहरी जिले के थौलधार ब्लॉक के टिहरी रेंज के स्यांसू पुल के समीप में रविवार को सुबह एक गुलदार संदिग्ध हालात में मृत मिला। वन विभाग की टीम ने गुलदार का पोस्टमार्टम करा शव को जलाकर नष्ट कर दिया है।

इस बाबत वन रेंज अधिकारी आशीष डिमरी ने बताया, रविवार सुबह वन चौकीदार ने सूचना दी कि कमांद क्षेत्र के स्यांसू के पास गुलदार अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच की तो वह मृत मिला। नर गुलदार की उम्र पांच साल के आसपास है। बताया, पोस्टमार्टम कराने के बाद पता चला कि आपसी संघर्ष में गुलदार को काफी चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हुई होगी।

वहीं, पौड़ी जिले के श्रीनगर के डॉग गांव में वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में गुलदार का शावक फंस गया, जिसको वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर रेंज दफ्तर पौड़ी में पहुंचाया। नागदेव रेंज के रेंजर ने बताया, पकड़े गए मादा शावक की उम्र डेढ़ वर्ष के आसपास है।

Loading

About The Author


Spread the love