December 5, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

द्रोणनगरी में चहुंओर श्रीराम की बयार

Spread the love

रामराज्य शोभायात्रा में उत्तराखंड सरकार के मुखिया भी हुए शामिल

रामभक्तों को संबोधित कर कहा, भव्य राम मंदिर बनने का सपना पूरा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। शनिवार को द्रोणनगरी देहरादून पूरी तरह से भगवान श्रीराम के रंग में नजर आई। राजधानी के परेड मैदान से श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव समिति की राम राज्य शोभायात्रा में प्रदेश सरकार के मुखिया पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे और रामभक्तों का हौसला बढ़ाया।

राम राज्य शोभायात्रा में आए भक्तों को संबोधित करते हुए धामी ने कहा, सभी राम भक्तों का 500 से अधिक वर्ष का इंतजार अब खत्म होने वाला है, जब 22 जनवरी को रामलला अयोध्या में भव्य राम मंदिर में प्रतिष्ठित हो जाएंगे। कहा, हजारों साधु-संतों, राम भक्तों, सनातन प्रेमियों के बलिदान के बाद इस पुण्य दिन के हम सब साक्षी बनेंगे। कहा, 22 जनवरी को आयोध्या में होने वाले भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के हम सब साक्षी बनेंगे।

कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर बनाए जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। आज उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। कहा, देवभूमि से भगवान श्रीराम का भी विशेष नाता है। देवप्रयाग में भगवान श्रीराम को समर्पित रघुनाथ मंदिर एवं बागेश्वर जनपद में निर्मल बहती सरयू नदी है। मां सरयू का उद्गम स्थल उत्तराखंड में है और सरयू किनारे अयोध्या धाम में श्रीराम विराजमान हैं।

कहा, रामकाज में उत्तराखंड के लोग हमेशा आगे रहते हैं। राज्य सरकार द्वारा 22 तारीख को शिक्षण संस्थाओं में अवकाश घोषित करने के साथ सरकारी कार्यालयों में दोपहर ढाई बजे तक अवकाश घोषित किया गया है। उत्तराखंड सरकार ने अयोध्या में उत्तराखंड सदन बनाने के लिए यूपी सरकार से अयोध्या धाम के समीप जमीन देने का आग्रह किया था। जमीन उत्तराखंड सरकार को आवंटित हो गई है।

कहा, करीब तीन एकड़ भूमि पर उत्तराखंडवासियों के लिए भव्य उत्तराखंड सदन बनाया जाएगा। कहा, अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत उत्तराखंड सरकार मंत्रिमंडल के साथ राम मंदिर के दर्शन के लिए अयोध्या जाएगी। कहा, प्रत्येक उत्तराखंडवासी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को पूरे धूमधाम से मना रहा है। राज्य के अंदर सांस्कृतिक महोत्सव के तहत कई मंदिरों और घाटों में सफाई अभियान एवं भजन कीर्तन चल रहे हैं।

कहा, प्रभु श्रीराम की कृपा से उत्तराखंड निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, सविता कपूर, आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ शैलेंद्र सिंह, महंत रमन गोस्वामी, महंत कृष्णा गिरी महाराज, भाजपा महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सिद्धार्थ अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Loading

About The Author


Spread the love