देश के सात राज्यों की 35 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। चमोली जिले के जोशीमठ के ढाक में देश के सात राज्यों की 35 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, पूर्व की सरकारें संकीर्ण मानसिकता से ग्रसित थी, जिससे सीमा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास को ज्यादा महत्व नहीं दिया जाता था, लेकिन हमारी सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों को मुख्यधारा का हिस्सा मानते हुए प्राथमिकता से काम करती है।








कहा, इसी वजह से आज सीमा क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। कहा, पूर्व की सरकारें इस मानसिकता से काम करती थी कि मैदानी इलाकों में रहने वाले लोग ही मुख्य धारा के लोग हैं। इसी संकीर्ण मानसिकता से सीमा क्षेत्र तक विकास नहीं पहुंच सका, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार देश की सुरक्षा जरूरत को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कहा, सीमाओं की रक्षा के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा और इस पर सभी का सहयोग मिल भी रहा है। कहा, बार्डर रोड संगठन (बीआरओ) सड़क और पुल आदि का निर्माण करके दूरदराज की इलाकों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ रहा है। दूरदराज के गांव में रहने वाले लोगों के दिलों को भी बाकी नागरिकों के दिलों से जोड़ रहा है। कहा, सीमांत क्षेत्र की परियोजनाओं को समय पर पूरा करना बीआरओ की प्रतिष्ठा के कारण संभव हुआ है।
उन्होंने बीआरओ का जिक्र करते हुए कहा, सरकार ने सशक्त बलों के बराबर बीआरओ के स्थाई नागरिक कर्मियों के लिए जोखिम और कठिनाई भत्ता सुनिश्चित किया है। इस मौके पर उन्होंने चीन सीमा को जोड़ने वाले जोशीमठ-मलारी मार्ग पर हाल ही में तैयार ढाक और भापकुंड पुल और सुमना-रिमखिम मोटर मार्ग पर बने रिमखिम गाड पुल समेत देश के सात राज्यों की 35 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में उत्तराखंड समेत सात राज्यों के 29 पुल और छह सड़कें शामिल हैं। सीमांत क्षेत्र में सुगम आवागमन, रक्षा तैयारी और सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 669.69 करोड़ की लागत से बनी इन परियोजनाओं को सीमा सड़क संगठन ने तैयार किया है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार, डीएम हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, जनरल अनिल चौहान, लेफ्टिनेंट जनरल रघु श्रीनिवासन एडीजीबीआर हरेंद्र कुमार, ब्रिगेडियर प्रसन्ना जोशी, कर्नल अंकुर महाजन, कर्नल प्रदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश