राजधानी के बन्नू स्कूल के कार्यक्रम में बोले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
कहा, असम में राहुल की न्याय यात्रा को रोकने की कोशिश भाजपा सरकार ने की
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आजकल राहुल गांधी सोने ही नहीं दे रहे हैं। मोदी राहुल की न्याय यात्रा से डर रहे हैं। हमारी न्याय यात्रा मणिपुर, नागालैंड में अच्छी हुई, लेकिन असम में घुसते ही गड़बड़ी शुरू हो गई।


उपरोक्त बात कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बन्नू स्कूल में कांग्रेस के सम्मेलन को संबोधित करते हुए रविवार को कही। कहा, असम की भाजपा की सरकार ने यात्रा को रोकने का प्रयास किया, लेकिन हम डरकर भागने वाले नहीं हैं। कार्यकर्ताओं की तरफ मुखातिब होते हुए कहा, जब तक आप सब हैं, कांग्रेस को कोई हिला नहीं सकता। प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए खरगे ने कहा, देश को बचाने का श्रेय वो उत्तराखंड या हिमालय को नहीं देते, पूरा श्रेय खुद लेते हैं।
कहा, हमने देश के लिए जान दी है।
हमारी नेता इंदिरा गांधी ने देश को एक रखने के लिए अपनी जान दी। राजीव गांधी ने जान दी। मैं भाजपा सरकार और उनकी पार्टी से पूछता हूं कि आजादी के लिए आपके कितने लोग जेल गए, कितनों ने अपना घर बार छोड़ा। कहा, कांग्रेस के लोग तो फांसी तक पर चढ़े हैं। कहा, उनके घर का कोई व्यक्ति कभी आजादी के लिए नहीं मरा। अंग्रेजी हुकूमत में जब गांधीजी ने भारत छोड़ो का बीड़ा उठाया तो इनके लोग अंग्रेजी सरकार में नौकरी कर रहे थे।
आरोप लगाया, हमने जो बनाया, उन सबको भाजपा बेचकर खा रही है। मैं 1974 में पंतनगर यूनिवर्सिटी में 30 वर्ष की आयु में आया था। यूनिवर्सिटी किसने बनाई, कांग्रेस ने। एनआईटी उत्तराखंड, एम्स, आईआईएम, बीएचईएल, ओएनजीसी जैसे संस्थान सब हमने बनाए। हजारों लोगों को नौकरी मिली। केंद्र सरकार पर परोक्ष कटाक्ष करते हुए कहा, आपका कुछ है तो आप बताओ।
कहा, कांग्रेस की सरकार के दौरान गैस सिलिंडर 450 रुपये का था, लेकिन मोदी सरकार के जमाने मे 1000 रुपये को पार कर गया है। मोदी की गारंटी पर कटाक्ष करते हुए कहा, कहते थे कि काला धन लाऊंगा, कहां गया यह काला धन, यही है मोदी की गारंटी। किसानों की आमदनी दोगुनी नहीं हुई, यही मोदी की गारंटी है। कहा, अगर आप ऐसे लोगों को सपोर्ट करोगे तो देश के किसान, महिला, युवाओं से आप गद्दारी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को निशाने में लेने के बाद आरएसएस को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, भाजपा और संघ का एजेंडा है, सुबह उठते ही कांग्रेस को गालियां देना। कहा, 70 साल में अगर हम कुछ नहीं करते। संविधान न बचाते, लोकतंत्र को न बचाते तो मोदीजी प्रधानमंत्री न बनते। कहा, ऐसी सरकार को सत्ता से निकाल बाहर फेंकना चाहिए, वरना वो जुल्म करते रहेंगे।
अग्निवीर भर्ती पर सवाल करते हुए कहा, चार साल बाद अग्निवीर में भर्ती युवा कहां जाएंगे। कहा, अग्निवीर भर्ती के नाम पर लोगों को धोखा दिया जा रहा है। कहा, सरकारी स्कूलों में 30 लाख रिक्तियां हैं। उसमें से 50 फीसदी आरक्षित वर्ग की हैं।
माफी चाहता हूं, उड़ने के लिए भी मोदीजी की अनुमति लेनी पड़ती है
सभा स्थल पर देरी से पहुंचने का ठीकरा भी खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोड़ते हुए कहा, माफी चाहता हूं, आने में देरी इसलिए हुई, क्योंकि आजकल उड़ने के लिए भी मोदीजी की अनुमति लेनी पड़ती है। फिर हेलिकॉप्टर में चढ़ने, उतरने, हेलिकॉप्टर लैंडिंग में भी उनकी अनुमति लेनी पड़ती है। कहा, वो हम सबको सताते हैं, ताकि लोग लंबा इंतजार करके हमारे भाषण के समय चले जाएं।
हमें ऐसी सरकार को हटाना है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश