टिहरी के नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में वसंत पंचमी के दिन कपाट खुलने की तिथि हुई घोषित
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। चारधामों में एक श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 12 मई कोे सुबह छह बजे खुलेंगे। 14 फरवरी को वसंत पंचमी के दिन टिहरी जिले के नरेंद्र नगर स्थित राजदरबार आयोजित धार्मिक समारोह में पूजा-अर्चना और पंचांग गणना के बाद कपाट खुलने की तिथि की घोषणा महाराजा मनुजयेंद्र शाह ने की।
इसके अलावा तेल-कलश यात्रा की भी तिथि 25 अप्रैल को तय की गई। इस दौरान राजमहल में कई विशिष्टजन और बड़ी संखा में श्रद्धालु मौजूद रहे। सुबह राजदरबार नरेंद्रनगर में बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित करने के लिए पूजा अर्चना के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। महाराजा मनुजयेंद्र शाह, सांसद रानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय, राजकुमारी शिरजा शाह की मौजूदगी में पंचांग गणना के बाद राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने तिथि तय कर महाराजा के सम्मुख रखी।
इसके बाद महाराजा मनुजयेंद्र शाह ने कपाट खुलने की तिथि की विधिवत घोषणा की। इस दौरान राजमहल परिसर जय बदरी विशाल के उद्घोष से गूंज उठा। इससे पूर्व श्रीडिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारी और सदस्यों ने तेल कलश राजदरबार के सुपुर्द किया। इसी कलश में राजमहल से तिलों का तेल पिरोकर 25 अप्रैल को तेलकलश यात्रा राजमहल से शुरू होकर कपाट खुलने की तिथि पर भगवान बदरीविशाल के अभिषेक हेतु बदरीनाथ धाम पहुंचेगी।





इस मौके पर बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा, बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होते ही यात्रा की तैयारियों शुरू कर दी गई हैं। मंदिर समिति आगामी बजट में यात्रियों की सुविधाओं के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान करेगी। उन्होंने बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने पर बधाई दी।
ये रहे मौजूद
मुकुंदानंद महाराज डिमरी पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, मंदिर समिति सदस्य वीरेंद्र असवाल, श्रीनिवास पोस्ती, पुष्कर जोशी, भास्कर डिमरी, राजपाल जड़धारी, हरीश डिमरी, विनोद डिमरी, सुरेश डिमरी, मुख्यकार्याधिकारी योगेंद्र सिंह, अनुसचिव धर्मस्व रमेश रावत, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, निजी सचिव प्रमोद नौटियाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, माधव नौटियाल, संजय डिमरी, ज्योतिष डिमरी आदि।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश