गढ़वाल मंडल के कई जगहों पर भारी बर्फबारी से सड़कें अवरुद्ध, बीआरओ खोलने में जुटा
चमोली जनपद में रातभर होती रही बर्फबारी, ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। पूरे उत्तराखंड में मौसम के अचानक बुधवार को करवट लेने से काफी दिनों से बारिश और बर्फबारी की बाट जोह रहे लोगों की जहां मुराद पूरी हुई, वहीं दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी बारिश और बर्फबारी का दौर बदस्तूर जारी रहने से दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं।







गढ़वाल मंडल के चमोली जिले में रातभर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा, जिससे ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी रुद्रनाथ, लाल माटी, नंंदा घुंघटी, औली, गोरसों समेत नीती और माणा की घाटियों में जमकर बर्फबारी हुई। निजमुला घाटी के पाणा, ईराणी, झींझी गांव में भी बर्फबारी हुई, वहीं पर्यटन ग्राम रामणी में भी बर्फबारी होने से खेतों और आम रास्तों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। औली में भी जमकर बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे।







टिहरी जिले के पर्यटन नगरी धनोल्टी समेत सुरकंडा, काणाताल क्षेत्र में भी रात को बर्फबारी हुई। वहीं, उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम सहित आसपास की चोटियों पर भी जमकर बर्फबारी होने के साथ ही धाम से लगे गीठ पट्टी के 12 गांवों के अलावा सरबडियार और ठकराल पट्टी के 13 गांवों में भी बर्फबारी हुई। यमुना घाटी में भी बुधवार की रातभर झमाझम बारिश के साथ बर्फबारी होती रही, जो बृहस्पतिवार को भी जारी रही। उधर, मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरशालीगांव में भी जमकर बर्फबारी हुई।







बर्फबारी से कई मार्ग अवरुद्ध
चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ मोटर मार्ग हनुमान चट्टी से आगे अवरुद्ध हो गया, जबकि चोपता मोटर मार्ग धोती धार मार्ग भी बर्फबारी के चलते अवरुद्ध हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई जगहों पर जमकर बर्फबारी होने से बाधित हो गया, जिसको खोलने के लिए बीआरओ की टीम जुटी हुई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग फूल चट्टी से आगे बर्फबारी के कारण मार्ग बाधित है। वहीं लंबगांव मोटर मार्ग भी बर्फबारी के कारण अवरुद्ध है।







बर्फबारी देखने पहुंचे सैलानी रात तक जाम से जूझते रहे
पर्यटक स्थल धनोल्टी और बुराशखंडा में बर्फ देखने पहुंचे सैलानियों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा। सुवाखोली, कोटली, बुराशखंडा में देर शाम से रात तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही और पर्यटक परेशान रहे।


![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश