विकासनगर के हरिपुर में यमुना घाट के शिलान्यास के बाद बोले सीएम धामी
कहा, नई दिल्ली में नए संसद भवन में अखंड भारत के नक्शे में कालसी भी है
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। राजधानी के कालसी में हरिपुर में बृहस्पतिवार को यमुना घाट के शिलान्यास और आरती के बाद रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, यह वह क्षेत्र है, जहां यमुना नदी में स्नान कर यात्री यमुनोत्री को रवाना होते थे, लेकिन दैवी आपदा से यह क्षेत्र खो गया।

कहा, जिसकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी वह काम आज हो गया। कहा, नई दिल्ली में नए संसद भवन में जब मैं गया तो देखा कि वहां अखंड भारत के नक्शे में कालसी भी है। कहा, मुझे मां यमुना ने आदेश दिया, कुछ कर के दिखाओ। यूपी में यमुना किनारे कृष्ण लीला के कई स्थल है। यहां भी पौराणिक महत्व से जुड़े स्थलों पर नए प्रकल्प शुरू होने चाहिए। यमुना यहां की देवी है, इनके वैभव को वापस लाना जिम्मेदारी है।

कहा, यहां पर आजीविका और युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते भी खुलेंगे। यहां पर यात्री आएंगे। कहा, प्रदेश में हर साल तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ रही है। धामी ने कहा, दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे के चौड़ीकरण के दूसरे चरण के काम के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। हमें उत्तराखंड में आने वाले व्यक्तियों का मान सम्मान करना है।

अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा, सरकार सीमांत क्षेत्रों में स्वरोजगार पैदा करने के लिए प्रयास कर रही है। इसके अलावा युवाओं के लिए और भी कई योजनाओं पर जहां सरकार काम कर रही, वहीं लगातार रोजगार भी मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने कहा, यहां एक नहीं 10 स्थानों पर और आरती होनी चाहिए। घोषणा की कि यमुनानगर पर बनाए जा रहे मंदिर के निर्माण में सहयोग किया जाएगा।

विधायक मुन्ना चौहान ने कहा, हरिपुर में महाभारत कालीन अश्वमेध यज्ञ स्थल है। हथियारी वह स्थान है, जहां अज्ञातवास में पांडव अपने हथियार छिपा कर रखते थे। हरिपुर में व्यास ने महाभारत ग्रंथ लिखा था। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्पेंद्र सिंह धामी के प्रयासों से बनने वाला घाट दिव्य स्वरुप धारण करेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा, हरि की नगरी हरीपुर को पुराने स्वरूप में लौटाने के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की पहल के लिए पूरा क्षेत्र आभारी है। यह क्षेत्र चार नदियों का संगम स्थल है। दैवी आपदा में खोए वैभव को सरकार पुराने स्वरूप में वापस लाने का काम कर रही है।
सभा को सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह समेत कई लोगों ने संबोधित किया। इसके पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को जौनसार का प्रतीक चिन्ह डांगरा भेंट कर सम्मानित किया।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश