May 15, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

शाही स्नान संग चालदा महासू महाराज मंदिर में विराजमान

Spread the love

20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने चलायमान महासू देवता के किए दर्शन

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। राजधानी के विकासनगर क्षेत्र के जौनसार बावर में मंगलवार को महासू देवता का जागड़ा पर्व धूमधाम से संपन्न हुआ। इस दौरान 20 से 25 हजार भक्तों ने देव स्नान के बाद देवता के दर्शन किए।

कालसी तहसील क्षेत्र के दसऊ गांव में चालदा महासू महाराज शाही स्नान के लिए गर्भगृह से बाहर लाए गए। इस मौके पर धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भी देवता के दर्शन किए। करीब एक बजे देव चिन्ह मंदिर परिसर से बाहर लाए गए।

गांव के पास देव स्रोत पर देव चिन्ह को स्नान कराया गया। तीन घंटे बाद देवता और देव पद चिन्ह मंदिर में विराजमान कराए गए। इस दौरान हजारों भक्तों ने देव दर्शन कर प्रार्थना की। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने छत्रधारी चालदा महासू देवता मंदिर में देव दर्शन कर देवता को चादर चढ़ाई।

विधायक प्रीतम सिंह ने भी सपरिवार देव दर्शन किए। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष शूरवीर सिंह चौहान, पदम सिंह चौहान, मातबर सिंह, रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, गबेला गांव स्थित महासू देवता और कुकुरसी महाराज की मंगलवार सुबह नौ बजे पालकी को देव दर्शन के लिए मंदिर के बाहर निकाला, जबकि भंजरा पंचरा स्थित महासु और चालदा देवता की पालकी और देव चिन्ह को शाही स्नान कराया गया।

स्नान के बाद फिर विराजमान कराया गया। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष जवाहर सिंह, प्रताप सिंह, कांति राणा, तुलसी सिंह, चमन सिंह मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love