April 22, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

हल्द्वानी हिंसा : सीएम सख्त, एडीजी को कैंप करने के निर्देश

Spread the love

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। हल्द्वानी के बनभूलपुरा में बवाल और हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को अपने आवास में उच्च स्तरीय बैठक लेकर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था एपी अंशुमान को प्रभावित क्षेत्र में कैंप करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने अवैध निर्माण को हटाने के दौरान पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों एवं कार्मिकों पर हुए हमले और क्षेत्र में अशांति फैलाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए अराजकतत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलाधिकारी नैनीताल से निरंतर समन्वय बनाकर रखें। धामी ने एडीजी कानून-व्यवस्था और डीएम नैनीताल को घटना के दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।

कहा, आगजनी और पथराव करने वाले एक-एक दंगाई की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में विशेष प्रमुख सचिव/एडीजी अमित सिन्हा, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव जेसी कांडपाल उपस्थित थे।

उधर, नैनीताल जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा जिले का भ्रमण कार्यक्रम स्थगित कर हल्द्वानी में प्रभावित क्षेत्र के दौरे के लिए चली गईं। वहीं, हल्द्वानी में बवाल और हिंसा की घटना के बाद पूरे प्रदेश में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया है।हर संदिग्ध व्यक्ति या अराजकतत्वों पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस लापरवाही की भी जांच होगी : आईजी

हल्द्वानी में बृहस्पतिवार को हुए बवाल के बाद हुई हिंसा में पुलिस ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है, जब न्यूज पेपर और न्यूज चैनल छह लोगों के मरने की खबर दे रहे हैं। पुलिस का कहना कि हालातों पर लगातार नज़र रखी जा रही है। इस बाबत पुलिस प्रवक्ता और आईजी निलेश आनंद भरने ने कहा, कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे प्रदेश में संवेदनशील इलाक़ों में भी पुलिस के गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, इस मामले में पुलिस की लापरवाही की भी अलग से जांच कराई जाएगी।

Loading

About The Author


Spread the love