केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया विद्या समीक्षा केंद्र का शुभारंभ

बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून में भी विद्या समीक्षा केंद्र का शुभारंभ मंगलवार को हो गया। इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, विद्या समीक्षा केंद्र के गुजरात मॉडल को लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है।
कहा, राज्य के कक्षा एक से 12वीं तक के लगभग 23 लाख 50 हजार विद्यार्थी विद्या समीक्षा केंद्र से जुड़ेंगे। साथ ही 1,22,000 से अधिक शिक्षकों का डाटा भी इसमें समाहित रहेगा। कहा, फिलहाल विद्या समीक्षा केंद्र से अभी 5,000 स्कूल जुड़े हैं।

उन्होंने प्रदेश के अधिकारियों को अक्तूबर से नवंबर तक सभी 22,000 स्कूलों का पूरा डाटा जोड़ने के निर्देश दिए। कहा, केंद्र के माध्यम से बच्चों एवं शिक्षकों की प्रतिदिन की उपस्थिति का पता चलेगा और दीक्षा टीवी और इंटरनेट से पढ़ाई की व्यवस्था भी रहेगी। साथ ही राज्य के सभी डायट भी इससे जुड़े रहेंगे।

कहा, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार उत्तराखंड सरकार की पूरी मदद करेगी। भारत की राष्ट्रीय शिक्षा नीति केवल 30 करोड़ विद्यार्थियों के लिए ही नहीं है, बल्कि विश्व के विकसित देशों के स्कूलों के लिए नया बेंचमार्क भी है।
उधर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सौ करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इसके पूर्व उत्तराखंड आगमन पर तेल भवन अतिथि गृह में केंद्रीय मंत्री का स्वागत और शिष्टाचार भेंट कई नेताओं ने किया। केंद्रीय मंत्री से भेंट करने वालों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार के सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट थे।

उधर, केंद्रीय मंत्री ने टिहरी लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सम्मेलन को भी संबोधित किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव में जुटने का आह्वान किया। कहा, लोस चुनाव में अब 180 दिन ही बचे हैं। अभी से कमर कसकर मैदान में उतरकर राज्य और केंद्र सरकार की जनउपयोगी योजनाओं को जनता को बताएं। साथ ही संगठन की खूबियां भी लोगों तक ले जाएं।
केंद्रीय मंत्री ने पार्टी नेताओं को लोकसभा चुनाव के लिए अन्य टिप्स भी दिए। उधर, केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान धामी ने उनका पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश