May 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

छह राज्यों की सात विस सीटों के उप चुनाव में भाजपा की झोली में तीन आईं

Spread the love

यूपी की घोसी विस पर सपा का कब्जा बरकरार, 42 हजार से ज्यादा वोटों से भाजपा हारी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

नई दिल्ली। पिछले दिनों देश के 6 राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के मतदान के बाद शुक्रवार को हुई मतगणना में तीन सीटें भाजपा की झोली में आईं, जबकि एक-एक सीट पर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और समाजवादी पार्टी ने कब्जा जमाया।

उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट के उप चुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 42,759 मतों से हराया। वैसे भाजपा ने जिस दारा सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया था, वो कुछ महीने पहले ही इस सीट से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे और यहीं से सपा के विधायक थे। उनके इस्तीफा देने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी और इसी के चलते उप चुनाव कराए गए थे।

सपा के सुधाकर सिंह को 1,24,427 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 81,668 वोट मिले। वहीं, भाजपा ने त्रिपुरा की बॉक्सा नगर और धनपुर विस सीट पर कब्जा जमाया, जबकि उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर भी उसने जीत हासिल की। बागेश्वर सीट पर पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास की पत्नी पार्वती दास को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था।

पार्वती दास ने कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार को 2405 वोटों से हराया। उधर, पश्चिम बंगाल की जलपाईगुड़ी जिले की धुपगुड़ी सीट तृणमूल कांग्रेस के खाते में गई है। यहां तृणमूल कांग्रेस के निर्मल चंद राय ने भाजपा की तापसी राय को 4,313 मतों से हराया, जबकि केरल की पुथुप्पली सीट कांग्रेस की झोली में गई।

Loading

About The Author


Spread the love