बोले, टनल में फंसे श्रमिकों से संवाद भी हुआ और वीडियो के जरिए स्थिति का भी पता चला
बेबाक दुनिया ब्यूरो
उत्तरकाशी। सिलक्यारा टनल में फंसे 41 मजदूरों को सकुशल सुरंग के अंदर से बाहर निकालने का ऑपरेशन तेजी से चल रहा है। साथ ही छह इंच की पाइपलाइन से खाद्य सामग्री और दवाइयां भी मजदूरों तक पहुंचाई जा रही हैं।
उपरोक्त जानकारी मीडिया को देते हुए एनएचआईडीसीएल के एमडी महमूद अहमद ने बताया, टनल में फंसे लोगों के पास दो किलोमीटर का सेफ एरिया भी मौजूद है। टनल में फंसे श्रमिकों से संवाद भी हुआ है और वीडियो के जरिए उनकी स्थिति का पता लगा है। टनल के अंदर 900 एमएम पाइप को 22 मीटर तक पुश किया गया था। कुछ बाधा आने के बाद ड्रिलिंग रुक गई थी।
बताया, वर्तमान समय में टेलीस्कोपिक मेथड से 900 एमएम पाइप के अंदर, 800 एमएम के पाइप को पुश किया जा रहा है और ऑगर मशीन से पुनः ड्रिलिंग जल्द शुरू कर दी जाएगी। कहा, काम कर रहे सभी कर्मचारियों, अधिकारियों के लिए हर समय बेहद महत्वपूर्ण है। बताया, टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) ने भी बड़कोट वाले छोर से रेस्क्यू टनल का निर्माण शुरू कर दिया है।
बताया, पहले ही दो ब्लास्ट कर लिए गए हैं, जिससे 6.4 मीटर की ड्रिफ्ट बनी है। अहमद ने बताया, टनल के ऊपर से वर्टिकल ड्रिलिंग के लिए मशीनों के मोबिलाइजेशन का कार्य हो रहा है। इसके बाद ड्रिलिंग जल्द शुरू हो जाएगी। केंद्र एवं राज्य सरकार के निरंतर सहयोग एवं सभी एजेंसियों के आपसी समन्वय से रेस्क्यू ऑपरेशन तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस दौरान उत्तराखंड शासन के सचिव डॉ. नीरज खैरवाल ने कहा, सभी लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी प्राथमिकता है। सभी एजेंसियां 24 घंटे काम कर रही हैं। सभी कार्य तेज गति के साथ किए जा रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे सभी संस्थान और एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही है।
इस दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एनएचएआईडीसीएल के निदेशक अंशुमनीष खलखो, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी आदि मौजूद रहे।




![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश