टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेकर ग्राफिकल प्रस्तुतीकरण और मैपिंग से टनल की स्थिति जानी
प्रमुख सचिव ने अंदर फंसे श्रमिकों से बातचीत कर सभी की हौसला अफजाई कर हालचाल जाना
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव डॉ. पीके मिश्रा और गृह मंत्रालय के सचिव अजय भल्ला सिलक्यारा पहुंचे और टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेते हुए अफसरों को कई निर्देश भी दिए। उधर, उत्तरकाशी के जिला जज गुरुबख्श सिंह भी सिलक्यारा पहुंचे।
इस दौरान दोनों अफसरों ने ग्राफिकल प्रस्तुतीकरण एवं मैपिंग से टनल की भौगोलिक स्थिति को समझा। मोदी के प्रमुख सचिव डॉ. पीके मिश्रा ने टनल के अंदर चल रहे रेस्क्यू कार्य की बारीकियों को समझा और अधिकारियों के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे इंजीनियरों और श्रमिकों से भी जानकारी ली। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे सभी श्रमिकों का हौसला भी बढ़ाया।
प्रमुख सचिव ने ऑगर मशीन के ब्लेड एवं साफ्ट को काटने की प्रक्रिया में जुटे श्रमिकों टिंकू दुबे, अमित, शशिकांत, झारू राम, राधे रमण दुबे, ओम प्रकाश आदि से बात कर उनके काम की सराहना की। उन्होंने अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा, अंदर फंसे श्रमिकों संग राहत और बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रमुख सचिव ने सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों के लिए भेजी जा रही भोजन सामग्री के बारे में जानकारी लेने के साथ ही भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। डॉ. मिश्रा ने टनल में एसडीआरएफ द्वारा स्थापित ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप एवं बीएसएनएल द्वारा स्थापित टेलिफोनिक कम्युनिकेशन सिस्टम से अंदर फंसे श्रमिकों में से गब्बर सिंह एवं अन्य लोगों से वार्ता कर उनका हालचाल जाना।
उन्होंने श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने खाने पीने, बिजली और पानी की आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। कहा, रेस्क्यू ऑपरेशन हेतु सभी लोग मेहनत कर रहे हैं। कई मोर्चों पर कार्य चल रहा है। सभी को जल्द से जल्द निकलने की कोशिश जारी है। प्रमुख सचिव ने टनल में फंसे श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
कहा, श्रमिकों को जल्द ही बाहर निकाल लिया जाएगा। परिजनों के साथ ही पूरा देश उनके शीघ्र और सुरक्षित निकाले जाने की दुआ कर रहा है। कहा, पूरे देश की दुआएं श्रमिकों के साथ है। परिजनों को हौसला बनाए रखना होगा। सरकार हर स्थिति पर श्रमिकों के परिजनों के साथ खड़ी है।
इस मौके पर प्रदेश सरकार के विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन, एमडी एनएचआईडीसीएल महमूद अहमद, सचिव डॉ. नीरज खैरवाल, पीएमओ उप सचिव मंगेश घिल्डियाल, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, डीएम अभिषेक रूहेला मौजूद रहे।



![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश