September 7, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

बागेश्वर उप चुनाव में खिला कमल, कांग्रेस को हराया

Spread the love

मुख्यमंत्री धामी का इस करिश्माई जीत से और बढ़ा सियासी कद

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास के निधन के बाद से रिक्त बागेश्वर विधानसभा सीट के उप चुनाव में भाजपा ने फिर बाजी मार ली और कांग्रेस प्रत्याशी को 2405 वोटों से हराया। इस जीत के साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सियासी कद और भी बढ़ गया है।

उप चुनाव में पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास की पत्नी पार्वती को भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारकर सहानभूति का कार्ड खेला था, जबकि चुनाव से पूर्व आम आदमी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले बसंत कुमार को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। कांग्रेस ने जीत के लिए जहां एडी चोटी का जोर लगाया था, वहीं भाजपा ने भी कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी।

उधर, शुक्रवार को जैसे ही मतगरना शुरू हुई वैसे ही कांग्रेस प्रत्याशी ने बढ़त बनानी शुरू की, लेकिन भाजपा भी आगे पीछे चलती रही। अंत में परिणाम भाजपा के पक्ष में आया, इसके बाद भाजपाई खुशी से झूम उठे। भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास को 31,411 मतदाताओं ने वोट दिए, जबकि कांग्रेस के बसंत कुमार के पक्ष में 28,685 वोट पड़े।

वहीं, यूकेडी के अर्जुन देव को 821, समाजवादी पार्टी के भगवती प्रसाद को 608, यूपीपी के भागवत कोहली को 258 मत मिले, जबकि 1189 लोगों ने नोटा का इस्तेमाल किया। 14वे राउंड के आखिरी परिणाम के बाद बागेश्वर उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने 2405 वोटों से जीत हासिल की।

वहीं, इस जीत से सीएम पुष्कर सिंह धामी का सियासी कद और भी बढ़ा है। धामी ने इस जीत का श्रेय पीएम मोदी की नीतियों और भाजपा संगठन को दिया है। उधर, इस चुनाव में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी थी। कांग्रेसी दिग्गज और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तो एक सप्ताह तक वहीं डेरा डाल दिया था। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

बागेश्वर उप चुनाव में भाजपा संगठन द्वारा बूथ प्रबंधन के तहत पन्ना प्रमुख तक को चुनाव में झोंकने की बनाई गई रणनीति काम आई, जिससे चंपावत उप चनाव के बाद बागेश्वर उप चुनाव में भी भाजपा को जीत मिली।

Loading

About The Author


Spread the love