May 4, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

बाबा केदार की पहाड़ियों में हिमपात, ठंड बढ़ी

Spread the love

फूलों की घाटी, हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ धाम, नीती और माणा घाटी की चोटियों में हिमपात

यमुनोत्री धाम की चोटियों पर बर्फबारी, गंगोत्री धाम में हो रही बारिश, लेकिन बर्फबारी नहीं

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। केदारनाथ की पहाड़ियों में रविवार को सीजन का पहला हिमपात होने से केदारपुरी ठंड के आगोश में चली गई। वहीं, यमुनोत्री धाम में बारिश के बाद हल्की बर्फबारी हुई, जबकि गंगोत्री धाम में बारिश तो हो रही, लेकिन अभी बर्फबारी नहीं हुई है।

फूलों की घाटी, हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ धाम की चोटियों, नीती और माणा घाटी की चोटियों में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई। उधर, रविवार को केदारनाथ धाम में पूरे दिन हल्की बारिश के बावजूद बाबा के भक्त बड़ी संख्या में पहुंचे और दर्शन किया, जबकि धाम की ऊपरी पहाड़ियों में हल्की फुल्की बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है।

दोपहर बाद मंदिर परिसर से संगम तक भक्तों की लाइन लगी रही। इस दौरान बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने सभी भक्तों को गर्भगृह से दर्शन कराए। उधर, दिनभर घना कोहरा छाने से धाम की हेलीकॉप्टर सेवा भी बाधित रही। रविवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। धाम में हल्की बारिश होती रही।

इस दौरान चोराबाड़ी, वासुकीताल, दुग्ध गंगा की ऊपर की पहाड़ियों में हिमपात हो गया। मंदिर समिति के सीईओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि धाम की ऊपरी पहाड़ियों में हिमपात होने से धाम में ठंड बढ़ गई है।

उधर, रुद्रप्रयाग के जिला प्रशासन ने सोनप्रयाग से दोपहर 12 बजे तक 7,132 बाबा के भक्तों को दर्शनों के लिए भेजा, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 1,183 भक्ति श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच कर दवाएं भी मुहैया कराई।

उधर, गंगोत्री धाम में रविवार को बारिश तो हो रही है, लेकिन अभी बर्फबारी नहीं हुई है, जबकि यमुनोत्री धाम की चोटियों पर बारिश के बीच हल्की-फुल्की बर्फबारी भी रविवार को हुई। इसके अलावा अभी भी बारिश और बर्फबारी का मौसम बना हुआ है।

Loading

About The Author


Spread the love