बेबाक दुनिया ब्यूरो
लखनऊ। यूपी के मेरठ स्थित लोहिया नगर के एक रिहायशी इलाके में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को सुबह हुए विस्फोट से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दो घंटे के अंतराल के दौरान दो धमाकों से लोहिया नगर इलाका थर्रा गया। पुलिस ने दो मरने वालों की शिनाख्त कर ली है और दोनों ही बिहार प्रांत के निवासी बताए जा रहे हैं। एसपी सिटी के मुताबिक, लोहिया नगर थाने में फैक्ट्री संचालक गौरव गुप्ता समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है जिसमें दो को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया, फैक्ट्री मालिक गौरव फरार चल रहा है। विस्फोट की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब सात घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर हालत को काबू किया। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की सुबह पांच मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। इस दौरान सुबह सात बजे के आसपास फैक्ट्री में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि चपेट में आए मजदूर कई मीटर दूर तक जाकर गिरे और झुलस गए।
धमाके से बिजली की 33 केवी लाइन के खंबे भी टूट गए। इसके अलावा एक व्यक्ति की दूसरी मंजिल भी ध्वस्त हो गई और उसकी बेटी भी जख्मी हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 14 लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें पांच लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मरने वाले पांच लोगों में से दो की शिनाख्त पुलिस कर पाई है।
मरने वालों में बिहार प्रांत के भोजपुर निवासी प्रयाग कुमार और रूपन शाह की शिनाख्त हो पाई है। पुलिस का कहना है कि अन्य मरने वाले भी बिहार के ही रहने वाले हो सकते हैं, जिनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश