देहरादून स्थित राजभवन में नवनिर्मित राजप्रज्ञेश्वर शिवमंदिर का किया लोकार्पण
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बृहस्पतिवार को राजभवन में नवनिर्मित शिवमंदिर परिसर का लोकार्पण किया।
राष्ट्रपति ने राजप्रज्ञेश्वर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। राष्ट्रपति ने नवनिर्मित परिसर में भ्रमण किया और सौंदर्यीकरण के कार्यों की सराहना की। राजप्रज्ञेश्वर शिव मंदिर परिसर में रॉक गार्डन भी तैयार किया गया है, जिसमें पिथौरागढ़ स्थित ऊँ पर्वत की प्रतिकृति बनाई गई है। परिसर के चारों ओर परिक्रमा पथ के रूप में एक्यूप्रेशर ट्रैक का भी निर्माण किया गया है।
गौरतलब हो कि मंदिर में स्थापित शिवलिंग हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित प्रज्ञेश्वर शिवलिंग के साथ मिले नौ शिवलिंग में से एक है। नर्मदा नदी में प्रज्ञेश्वर महादेव के साथ नौ अन्य शिवलिंग एक साथ मिले थे, जिन्हें पहले देव संस्कृत विवि परिसर में रखा गया था। इन नौ शिवलिंग में से एक शिवलिंग अमेरिका के क़ैलीफ़ॉर्निया और एक ह्यूस्टन में स्थापित किया जा चुका है। जबकि तीसरे की स्थापना राजभवन में की गई है।
मंदिर में भगवान शिव-पार्वती, गणेश, भगवान कार्तिकेय और नंदी की प्रतिमाएं विराजमान हैं। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि), राज्यपाल की धर्मपत्नी गुरमीत कौर, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव राज्यपाल स्वाति एस. भदौरिया, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता दिवाकर धस्माना, अपर सहायक अभियंता अमित सेमवाल आदि मौजूद थे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश